हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी आज सुबह नूंह जिले के दौरे पर पहुंच चुके हैं। महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर मुख्यमंत्री ने सबसे पहले पांडवकालीन नलहेश्वर (नलहड़) महादेव मंदिर में मत्था टेका और भगवान शिव का जलाभिषेक किया। आध्यात्मिक ऊर्जा के साथ शुरुआत करने के बाद, अब मुख्यमंत्री तावडू में एक जनसभा को संबोधित करने जा रहे हैं। नलहड़ मंदिर में गूंजा ‘हर-हर महादेव’ मुख्यमंत्री निर्धारित समय पर नलहड़ मंदिर पहुंचे, जहां पुजारी और मंदिर कमेटी ने उनका स्वागत किया। उनके साथ विधायक व भाजपा के वरिष्ठ नेता भी मौजूद रहे। सीएम ने विधि-विधान से शिवलिंग पर जल और दूध अर्पित किया। पूजा के बाद उन्होंने कहा कि उन्होंने भगवान शिव से हरियाणा की सुख-समृद्धि, आपसी भाईचारे और शांति की कामना की है। इस दौरान स्थानीय प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि और पार्टी कार्यकर्ता भी मौजूद रहे। सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि महाशिवरात्रि का पर्व आस्था, संयम और सेवा का संदेश देता है। उन्होंने प्रदेश की तरक्की और जनकल्याण के लिए भगवान भोलेनाथ से आशीर्वाद मांगा। अब तावडू में विकास का शंखनाद दर्शन और पूजा के बाद मुख्यमंत्री तावडू में प्रस्तावित जनसभा के लिए रवाना हो गए। वहां वे एक बड़ी जनसभा को संबोधित करेंगे। सीएम आज नूंह जिले के लिए करोड़ों रुपए की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे।मुख्यमंत्री केंद्र और राज्य सरकार की कल्याणकारी योजनाओं (जैसे ‘म्हारा हरियाणा-नॉन स्टॉप हरियाणा’) के लाभार्थियों से रूबरू होंगे।