CM भगवंत मान की शादी की सालगिरह आज:पत्नी ने पोस्ट कर लिखा- बधाई हो मेरे दोस्त, आप हमेशा तरक्की करते रहें

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान की आज शादी की सालगिरह है। इस खास मौके पर उनकी पत्नी डॉ. गुरप्रीत कौर ने सोशल मीडिया के जरिए उन्हें शुभकामनाएं दी हैं। डॉ. गुरप्रीत कौर ने एक्स (पूर्व ट्विटर) पर पोस्ट करते हुए लिखा, “शादी की सालगिरह मुबारक हो मेरे दोस्त.. आपकी खुशियां बनी रहें.. मैं प्रार्थना करती हूं कि आप हमेशा तरक्की करते रहें.. आज हमारे जीवन का एक विशेष दिन है। हैप्पी एनिवर्सरी, मान साहब।” उनके इस पोस्ट को सोशल मीडिया पर खूब सराहना मिल रही है। लोग कपल को शुभकामनाएं दे रहे हैं और उनके रिश्ते की मजबूती की कामना कर रहे हैं। 2022 में हुई थी चंडीगढ़ में शादी साल 2022 में पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार बनी थी। भगवंत मान पंजाब के सीएम बने थे। इसके बाद, सात जुलाई 2022 को वह शादी के बंधन में बंधे थे। शादी की रस्में चंडीगढ़ स्थित सीएम हाउस में हुई थीं। अब कपल की एक बेटी भी है, जिसका नाम नियामत कौर है। तीन महीने पहले ही उन्होंने बेटी का पहला जन्मदिन मनाया था। यह मान की दूसरी शादी है। पहली पत्नी से उनका तलाक हो गया है। पहली शादी से उनके दो बच्चे भी हैं, जो विदेश में रहते हैं। हरियाणा की है डॉ. गुरप्रीत कौर
सीएम भगवंत मान की पत्नी हरियाणा के पिहोवा की रहने वाली हैं। उनके परिवार में तीन बहनें हैं। 2013 में गुरप्रीत कौर ने अंबाला के मुलाना मेडिकल कॉलेज में दाखिला लिया। 2017 में उन्होंने डॉक्टरी की पढ़ाई पूरी की। 2019 में उनकी मुलाकात भगवंत मान से हुई। भगवंत मान तब संगरूर से लोकसभा सांसद थे। इसके बाद, वह सीएम मान के विशेष कार्यक्रमों में शामिल होती रहीं। सीएम पद के शपथग्रहण समारोह में भी गुरप्रीत कौर मौजूद थीं। वहीं, वह अब भी सीएम के साथ सक्रिय दिखती हैं। जालंधर उपचुनाव में तो उन्होंने खुद कैंप हाउस तक संभाला हुआ था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *