पंजाब के CM भगवंत मान ने शनिवार को चंडीगढ़ में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कल, शुक्रवार को PM नरेंद्र मोदी के साथ हुई मीटिंग के बारे में जानकारी दी। सीएम मान ने कहा कि देश में लॉकडाउन लगने जैसी कोई बात नहीं है। पंजाब में पेट्रोल का 12 दिन, डीजल का 14 दिन और गैस का 6 दिन का स्टॉक है। 2 महीने पहले भी यही स्टॉक रहता था, तब तक जंग नहीं लगी थी, इसलिए लोगों को घबराने की कोई जरूरत नहीं है। सीएम ने आगे कहा- पंजाब में पंप पर लगी लाइनों की जांच के लिए डिप्टी कमिश्नरों को कहा गया है। इसके अलावा किसी पंप पर कम तेल देने पर भी हमारी नजर है। जांच के लिए पूरी टीमें बनाई गई हैं। लोग पेट्रोल-डीजल को रूटीन की तरह इस्तेमाल करें। सीएम ने कहा कि हमने शहरों की तरह गांवों में भी दूसरे सिलेंडर की बुकिंग का टाइम 45 दिन से घटाकर 25 दिन करने के लिए कहा है। PM से मीटिंग को लेकर CM की अहम बातें… PM को कहा, दोस्ती का इस्तेमाल करो
CM मान ने कहा- खाड़ी देशों में लड़ाई चल रही है। उससे पूरी दुनिया में एक किस्म का पैनिक हो रखा है। जो समुद्री रास्ता है, उसमें यह जंग रुकवाट बन गया है। उसको लेकर मैं कुछ आंकड़े लेकर आया हूं। कल शाम को प्रधानमंत्री के साथ सारे सीएम की वर्चुअल मीटिंग हुई है। बड़ी विस्तार में हर राज्य ने अपना पक्ष रखा है। सीएम ने कहा- हमने पंजाब खेती, इंडस्ट्री और बॉर्डर से जुड़े मुद्दे रखे हैं। सबसे पहले प्रधानमंत्री को यही विनती की कि जो हम अब तक मीडिया के जरिए सुनते और देखते हैं कि आपको बहुत सारे देशों के राष्ट्रपति और प्रधानमंत्रियों के साथ अच्छे संबंध हैं। हमने विज्ञापन भी देखा कि आपने युद्ध रुकवाकर भारतीयों को सुरक्षित निकालने के दावे करते हो। यह वक्त अपनी पर्सनल दोस्ती को भारत के 140 करोड़ लोगों के लिए इस्तेमाल करने की जरूरत है। हमने पीएम से कहा कि आप आगे होकर भारत को पेट्रोलियम उत्पाद या दूसरे इंपोर्ट-एक्सपोर्ट में कोई दिक्कत न आए, आप आगे आकर इनिशिएटिव लो। सीएम ने कहा- विश्वगुरू बनने की बातें करते हैं लेकिन जो पढ़-सुन रहे हैं, वह किसी दूसरी तरफ जा रहा है। हमें व्हाइट हाउस से ऑर्डर आता है कि हम भारत को एक महीने के लिए रूस से तेल खरीदने की इजाजत दे रहे हैं। क्या हम देश को व्हाइट हाउस से ऑर्डर लेकर चलाएंगे। हम तो विश्व गुरू बनने चले थे, विश्व चेले कब से बन गए। ये बात भी रखी गई। पंजाब DC से पल-पल की जानकारी ले रहे, केंद्र के भी टच में
सीएम ने कहा- हमने कहा कि पंजाब हमेशा संकट में साथ देता है। उनकी तरफ से हमें आंकड़े दिए गए और हमने जो कहा, उसमें यही है कि हमारी अब गेहूं की फसल आ रही है। ट्रैक्टर, कंबाइन और मंडियों में ट्रक भी चलेंगे, हमें डीजल की कोई कमी नहीं होनी चाहिए। ये गेहूं हम पब्लिक डिस्ट्रिब्यूशन सिस्टम के लिए नेशनल पूल में देनी है। हम उनका ही काम कर रहे हैं। हमारी फसल मंडी जाए, तुल जाए और साथ के साथ गोदाम में ले जाएं, इसमें तेल की दिक्कत नहीं आनी चाहिए। हमारा सीजन शुरू होने वाला है। सीएम ने कहा- हमारे पास इस वक्त पेट्रोल का 12 दिन और डीजल का 14 दिन का स्टॉक है। पहले भी ये स्टॉक इतना ही होता था। पंजाबियों को अफवाहों से बचने की जरूरत है। चीफ सेक्रेटरी और DC से हम पल-पल की जानकारी ले रहे हैं। ऊपर भी गृह मंत्रालय, पेट्रोलियम मंत्रालय, खेती मंत्रालय के संपर्क में हैं। कोई भी लॉकडाउन लगने या किसी चीज के बंद होने की कोई बात नहीं है। ये सब बुनियाद हैं। देश में 60 दिन का तेल, एक महीने की LPG का स्टॉक
सीएम ने कहा- केंद्र ने 41 देशों के साथ इंपोर्ट के समझौते किए हैं। देश में 60 दिन का तेल का स्टॉक है और एक महीने की LPG सप्लाई सुरक्षित रखी गई है। ये केंद्र के आंकड़े हैं। कस्टमर घबराएं ना, क्योंकि पंजाब में 6 दिन के लिए LPG का स्टॉक भी है। जंग शुरू होने से पहले भी यही स्थिति थी। डिमांड को पूरी कर रहे हैं। मगर, अब ये डिमांड बढ़ गई है। सीएम ने कहा- चीफ सेक्रेटरी को निर्देश दिया गया है कि डिप्टी कमिश्नरों के साथ संपर्क रखो। जहां कहीं पेट्रोल पंप पर लाइन लगती है, उसे चेक करो। लाइन लगाने वाले कोई हालात नहीं हैं। गैस, पेट्रोल-डीजल को बिल्कुल रूटीन की तरह इस्तेमाल करो। हमने पीएम को कहा कि जो भी कंडीशन लगी हों उन्हें हटाया जाए ताकि फैक्ट्री को 2 या 3 दिन के लिए बंद करने के लिए न कहा जाए। फैक्ट्री चलने से डेलीवेज वाले हजारों परिवारों के चूल्हे जलते हैं। सीएम ने कहा- प्रेस को सूचना देने के लिए एक नोडल अफसर नियुक्त कर दिया है। जो मीडिया को जानकारी देगा ताकि पैनिक क्रिएट न हो। तेल कंपनियों से भी मीटिंग की, 301 सिलेंडर जब्त किए
सीएम ने कहा- तेल की मार्केटिंग कंपनियों की चंडीगढ़ में स्टेट लेवल के अफसरों से मीटिंग हो गई है। उनसे तालमेल रख रहे हैं। खुराक व सिविल सप्लाई विभाग और तेल कंपनियों की विशेष टीमें बनाई गई हैं। कालाबाजारी, जमाखोरी और गैरकानूनी गतिविधियों के लिए काम किया जा रहा है। 27 मार्च तक 1497 चेकिंग की गई। 301 LPG सिलेंडर जब्त किए गए हैं। ये आपदा में अवसर वाले थे, इन पर सख्त कानूनी कार्रवाई होगी। सीएम ने कहा- हमारी मेन मांग ये थी कि अर्बन में गैस सिलेंडर की वेटिंग 25 दिन और रूरल यानी ग्रामीण क्षेत्रों में 45 दिन है। केंद्र ने कहा कि हमारे आंकड़े कहते हैं कि गांवों में गैस कम यूज होती है, लोग दूसरे साधन भी इस्तेमाल करते हैं। हमने उनसे कहा कि अब वैसा जमाना नहीं है। गांव भी शहरों जैसे बन गए। हमने उनकी भी 25 दिन की वेटिंग करने के लिए कहा। पीएम ने इसे नोट किया है। PM को पंजाब के गोदाम खाली करने को कहा
सीएम ने कहा- हमने पीएम को कहा कि हमारे पास 41 लाख मीट्रिक टन गेहूं पहले की पड़ी है। 130 लाख मीट्रिक टन गेहूं और आएगी, यानी 171 लाख मीट्रिक टन गेहूं हमारे पास होगी। 139 लाख मीट्रिक टन हमारे पास चावल पड़े हैं। हमने इन्हें उठाने के लिए कहा है। प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत इसे किसी भी राज्य को दे दो। स्पेशल ट्रेनें लगाकर हमारे गोदाम खाली हो जाएंगे और संकट के लिए पंजाब फिर तैयार रहेगा। पीएम ने कहा कि हम राज्यों को पूरा सहयोग देंगे। राज्यों के सुझाव मानेंगे। हमारा बॉर्डर स्टेट है, इसलिए हमें सतर्क रहने की जरूरत है। लाइनें देखकर हमें लगता है कि कुछ होने वाला है। मगर, साढ़े 3 करोड़ पंजाबियों का कस्टोडियन यानी मुख्यमंत्री होने के नाते मैं कहता हूं कि बिल्कुल भी रिस्क न लो। कई लोग घर में पेट्रोल रख रहे हैं, जो खतरनाक हो सकता है। घर में कुछ भी स्टॉक मत करो। पेट्रोल पंप ज्यादा या कम तेल ले जाने के लिए कहता है तो हमें बताओ।