CM योगी आज करेंगे कल्याण मंडपम का लोकार्पण:विश्वविद्यालयों का भी ले सकते हैं जायजा, राष्ट्रपति के दौरे की तैयारियों का भी लेंगे फीडबैक

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गुरुवार शाम दो दिनों के दौरे पर गोरखपुर पहुंचे। शुक्रवार को वह कई अहम कार्यक्रमों में भाग लेंगे। सुबह गोरखनाथ मंदिर में जनता दर्शन कर आम लोगों की समस्याएं सुनेंगे और अधिकारियों को उनके समाधान के निर्देश देंगे। जनता दर्शन के बाद मुख्यमंत्री नगर निगम द्वारा सूरजकुंड क्षेत्र में बनाए गए कल्याण मंडपम का लोकार्पण करेंगे। नगर निगम ने इस भवन को 4.52 करोड़ रुपये की लागत से तैयार कराया है, जो लगभग 35,500 वर्ग फीट में फैला है। आधुनिक सुविधाओं से युक्त है भवन कल्याण मंडपम में वातानुकूलित हॉल, पांच एसी कमरे, डॉर्मिट्री, स्नानघर और शौचालय जैसी सुविधाएं उपलब्ध हैं। यह भवन खासतौर पर अल्प आय वर्ग के लोगों के लिए कम दरों पर शादी-ब्याह व सामाजिक आयोजनों के लिए उपलब्ध कराया जाएगा। नगर आयुक्त गौरव सिंह सोगरवाल ने गुरुवार को भवन का निरीक्षण कर तैयारियों की समीक्षा की थी। इस सुविधा से सूरजकुंड क्षेत्र के 10 वार्डों की लगभग दो लाख आबादी को सीधा लाभ मिलेगा। लोगों को अब निजी आयोजनों के लिए महंगी जगहों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। आयुष- MGU का निरीक्षण कर सकते हैं मुख्यमंत्री मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को ही आयुष विश्वविद्यालय और महायोगी गोरखनाथ विश्वविद्यालय का भी निरीक्षण कर सकते हैं। इन संस्थानों में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के संभावित दौरे को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। राष्ट्रपति 30 जून को आयुष विश्वविद्यालय का लोकार्पण कर सकती हैं और गोरखनाथ विश्वविद्यालय में ऑडिटोरियम के उद्घाटन तथा स्टेडियम के शिलान्यास कार्यक्रम में शामिल हो सकती हैं। इसको लेकर गुरुवार को जिलाधिकारी और मंडलायुक्त ने भी स्थलों का निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम मुख्यमंत्री योगी के दौरे को लेकर पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता किया है। सभी कार्यक्रम स्थलों पर अधिकारियों की तैनाती कर दी गई है और तैयारियों की लगातार निगरानी की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *