फरीदाबाद के सूरजकुंड स्थित होटल राजहंस में आज मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की अध्यक्षता में “पंचजन्य 2026” साझेदारी बैठक का आयोजन किया जाएगा। इस अहम बैठक का आयोजन हरियाणा पर्यटन विकास निगम की ओर से किया जा रहा है। बैठक में 22 देशों के राजदूत और उच्चायुक्त शामिल होंगे, जो हरियाणा के साथ व्यापार और निवेश की संभावनाओं पर मंथन करेंगे। व्यापारिक रिश्तों को मजबूत करना बैठक का मुख्य उद्देश्य हरियाणा और इन देशों के बीच व्यापारिक रिश्तों को मजबूत करना है। खास तौर पर फरीदाबाद में चल रहे 39वां सूरजकुंड अंतरराष्ट्रीय शिल्प मेला को एक वैश्विक प्लेटफॉर्म के रूप में विकसित करने पर चर्चा होगी, ताकि भविष्य में अधिक से अधिक देश इसमें सक्रिय भागीदारी कर सकें। ये 22 देश ले रहे बैठक में भाग बैठक में मिस्र, लीबिया, मोरक्को, ट्यूनीशिया, लाइबेरिया, चाड, कांगो लोकतांत्रिक गणराज्य, अंगोला, तंज़ानिया, केन्या, बुरुंडी, जिबूती, दक्षिण सूडान, सोमालिया, मॉरीशस, इथियोपिया, रवांडा, एरिट्रिया, ज़ाम्बिया, दक्षिण अफ्रीका, नामीबिया और बोत्सवाना जैसे देश शामिल होंगे। बजट के लिए अहम मानी जा रही केंद्र सरकार के बाद हरियाणा का बजट भी जल्द पेश होने वाला है, ऐसे में यह बैठक राज्य की आर्थिक और व्यापारिक रणनीति के लिहाज से काफी अहम मानी जा रही है। माना जा रहा है कि इस संवाद से निवेश, पर्यटन और निर्यात के नए रास्ते खुल सकते हैं।