पंजाब में आम आदमी पार्टी (AAP) सरकार के मंत्री लालजीत भुल्लर पर आरोप लगा सुसाइड करने वाले वेयरहाउस के डिस्ट्रिक्ट मैनेजर (DM) गगनदीप सिंह रंधावा को मरते दम तक बच्चों की चिंता थी। जहर निगलने के बाद अस्पताल ले जाते हुए गगनदीप कुछ समय तक जिंदा रहे। उन्हें अस्पताल ले जाने वाले करीबी दोस्त गुरपाल सिंह ने भास्कर को बताया- आखिरी वक्त में गगनदीप एक ही बात कह रहे थे कि अगर मैं बच गया तो भुल्लर मेरे बच्चों को कुछ कर देगा। मुझे जिंदा नहीं रहना। मुझे गैंगस्टरों की धमकी दी गई। वहीं, पुलिस को दी FIR में रंधावा की पत्नी उपिंदर कौर ने बताया है कि लालजीत भुल्लर ने पति को घर बुलाकर जलील किया। कई लोगों के सामने उन्हें दो टके का बोला। उनके सिर में पिस्टल की बट मारी और पिस्टल की नोक पर रिश्वत लेने का झूठ वीडियो शूट कराया। इससे गगनदीप परेशान हुए और जहर निगल लिया। पहले गगनदीप की मौत के आखिरी पलों को जानिए… अब जानिए, पत्नी ने FIR में क्या-क्या आरोप लगाए… अक्टूबर 2025 में टेंडर निकले, मंत्री ने पिता के नाम पर भरे मृतक अफसर गगनदीप रंधावा की पत्नी उपिंदर कौर (45) ने बताया कि वह अमृतसर में अजनाला रोड पर सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल में साइंस टीचर हैं। उनकी शादी 2007 में गगनदीप सिंह रंधावा के साथ हुई। उनके 3 बच्चे हैं, जिसमें दो लड़कियां व एक लड़का है। गगनदीप पंजाब राज्य गोदाम निगम में जिला मैनेजर के पद पर नियुक्त थे। उन्होंने बताया- मेरे पति के पास अमृतसर के साथ तरनतारन जिले का भी चार्ज था। पंजाब स्टेट गोदाम निगम की तरफ से अलग-अलग जिलों में नए गोदाम बनाने के लिए टेंडर पिछले साल अक्तूबर 2025 में निकाले गए थे। टेंडरों के लिए मंजूरी चंडीगढ़ से मिलनी थी। मंत्री भुल्लर ने अपने पिता के नाम पर टेंडर भरे थे। पत्नी उपिंदर ने बताया- फूड काॅर्पोरेशन ऑफ इंडिया (FCI) टेंडरों को अपने तय नियमों के मुताबिक पास करती है। पट्टी व भिखीविंड के इलाके तरनतारन जिले में आते हैं। यहीं के पट्टी विधानसभा सीट से मंत्री लालजीत भुल्लर MLA हैं। उन्होंने अपने पिता सुखदेव सिंह भुल्लर के नाम से उपरोक्त स्थानों पर गोदामों का निर्माण हासिल करने के लिए टेंडर भरा हुआ। टेंडर मंजूर नहीं तो खामियाजा परिवार भुगतेगा उपिंदर कौर ने बताया- धमकियां देते हुए वे कह रहे थे कि अगर टेंडर ट्रांसपोर्ट मंत्री के पिता सुखदेव भुल्लर के नाम पर मंजूर न हुए, तो इसका खामियाजा तुझे व तेरे बच्चों को बुरी तरह भुगतना पड़ेगा। मंत्री भुल्लर ने मेरे पति को धमकाते हुए कई बार कहा कि मुझे यह भी पता है कि तेरे बच्चे कहां-कहां पढ़ते हैं और तेरी पत्नी कहां नौकरी करती है। उन्होंने कहा- मेरे पति लगातार पड़ रहे दबाव के कारण घर आकर रोते हुए सारी बातें बताते थे। वह बताते थे कि वह नियमों के बाहर जाकर किसी की मदद नहीं कर सकते, क्योंकि टेंडरों की सारी प्रक्रिया बिल्कुल पारदर्शी व ऑनलाइन होती है। इस कारण टेंडर सुखदेव भुल्लर की जगह किसी और को जारी हो गए। मंत्री ने धमकाया- जितने भी गैंगस्टर हैं, मेरे पाले हुए उपिंदर कौर ने बताया- टेंडर न मिलने के बाद मंत्री और उनके पिता ने मेरे पति को बहुत बुरी तरह बेइज्जत व परेशान करना शुरू कर दिया। मंत्री मेरे पति को वॉट्सऐप कॉल्स कर धमकाने लगा। तू ये टेंडर कैंसिल कर मेरे पिता सुखदेव सिंह भुल्लर के नाम पर जारी कर, नहीं तो तुझे, तेरे बच्चों, पूरे परिवार को जान से मरवा दूंगा। पत्नी ने कहा- वे कहते थे कि तुझे नहीं पता, जितने भी गैंगस्टर हैं, मेरे ही पाले हुए हैं। तुझे व तेरे परिवार को मरवाने के लिए एक इशारा ही काफी है। पति ने कई बार मंत्री को समझाया कि टेंडर कैंसिल कर अपने पिता के नाम पर जारी करने का अधिकार उनके पास नहीं है। मंत्री और उसके पिता ने जलील किया, पीटा उपिंदर कौर बताती हैं- 13 मार्च को मंत्री ने मेरे पति को अपने घर बुलाया, जहां मंत्री का पिता, पीए और दो से चार और लोग मौजूद थे। घर में दाखिल होते ही मंत्री के पिता और पीए ने मेरे पति के मुंह पर थप्पड़ मारे। इसके बाद दूसरे व्यक्तियों के साथ मिलकर मेरे पति से मारपीट की। इस दौरान सुखदेव भुल्लर ने मंत्री को कहा कि तू किस चीज का मंत्री है, जब तेरे कहने पर दो टके का अफसर तेरे बाप के नाम पर टेंडर भी जारी नहीं कर सकता। मृतक की पत्नी कहती हैं- यह सुनते ही मंत्री ने जेब से पिस्टल निकाल ली और उसका बट मेरे पति के सिर पर मारा, जो कि मेरे पति के बाईं साइड कान पर लगा। इसके बाद मंत्री ने पिस्टल मेरे पति की कनपटी पर रखकर कहा कि हमारे कहे पर नहीं चलता, अब देखना, हम तेरा क्या हश्र करेंगे। उपिंदर कौर ने कहा- इसके बाद मंत्री ने अपने साथी को कहा कि जो भी मैं कहता हूं, तू वही शब्द गगनदीप सिंह रंधावा के मुंह से बुलवाकर वीडियो बना। अगर यह हमारे दिए शब्दों के मुताबिक नहीं बोलता है, तो इसे गोली मारकर लाश नदी में फेंककर खुर्द-बुर्द कर दो। इसके बाद बंदूक की नोक पर इन्होंने मेरे पति से झूठा बयान रिकॉर्ड किया, जिसमें कहलवाया गया कि 10 लाख रुपए रिश्वत लेकर मैंने भुल्लर की जगह दूसरी पार्टी को टेंडर दिलवाया है। इस वजह से पति ने जहर खाया पत्नी उपिंदर कौर ने कहा- ये सारी बातें मेरे पति ने घर आकर मुझे बताईं और कहा कि अब मैं जीने के लायक नहीं रहा। मैंने पति को कहा कि हम इस सारी चीज को लेकर पुलिस को सूचित करते हैं। इस पर पति ने कहा कि मंत्री मौजूदा सरकार में मंत्री है, हमारी फरियाद कोई नहीं सुनेगा। ये बातें मेरे पति ने मेरे अलावा परिवार के कुछ खास लोगों को भी बताईं। उपिंदर ने कहा- मेरे पति उक्त लोगों के जलील करने व जान से मारने की धमकियां देने से बहुत मजबूर हो गए थे। उन्हें समझ नहीं आ रहा था कि अब क्या किया जाए। वह बार-बार इन तीनों आरोपियों द्वारा जलील करने व बच्चों को मार देने की धमकियों, और “तू जहर खा ले” जैसी बातों को दोहरा-दोहरा कर बहुत परेशान थे। इसी वजह से उन्होंने जहर खा लिया और अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। FIR की कॉपी… रंधावा की 2 बेटियां, पिता का निधन हो चुका सुसाइड करने वाले डिस्ट्रिक्ट मैनेजर गगनदीप रंधावा के परिजन अभी इसको लेकर ज्यादा बात नहीं कर रहे हैं। वेयरहाउस में रंधावा के अंडर काम करने वाले इंस्पेक्टर राजिंदर सिंह ने बताया कि उनकी 2 बेटियां और एक बेटा हैं। इनमें बड़ी बेटी 12वीं क्लास में पढ़ती है। दूसरी बेटी उससे करीब 3 साल छोटी है। सबसे छोटा बेटा 6वीं क्लास में पढ़ता है। रंधावा के पिता का कुछ समय पहले निधन हो चुका है। घर में पत्नी के अलावा बुजुर्ग माता भी है। गगनदीप का मोबाइल पत्नी के पास है लेकिन अभी वह बात करने की स्थिति में नहीं हैं। यूनियन ने FIR के लिए आवाज उठाई थी वेयरहाउस के इंस्पेक्टर राजिंदर सिंह ने बताया कि डिस्ट्रिक्ट मैनेजर ने वीडियो में मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर का नाम लिया। साफ कहा कि भुल्लर की वजह से सुसाइड कर रहे हैं। उन पर काफी प्रेशर बनाया गया था। उन्होंने डीसी को चिट्ठियां भी लिखीं और अन्य जगह भी लिखा। जिसमें उन्होंने कहा कि मेरी और मेरे बच्चों की रक्षा की जाए। हमें यह नहीं पता है कि सुबह साढ़े पांच से छह बजे के बीच उन्होंने यह कदम उठाया। ॰॰॰॰॰॰ ये खबरें भी पढ़ें… पंजाब- अफसर का सुसाइड, मंत्री का इस्तीफा:परिजन FIR पर अड़े, विरोधी दल चंडीगढ़ में CM का घेराव करेंगे, मंत्री-अफसर विवाद की पूरी कहानी पंजाब की आम आदमी पार्टी (AAP) सरकार के मंत्री लालजीत भुल्लर पर आरोप लगा वेयरहाउस के डिस्ट्रिक्ट मैनेजर गगनदीप सिंह रंधावा के सुसाइड का मामला गर्मा गया है। शनिवार (21 मार्च) को सुसाइड का पता चलते ही AAP सरकार ने मंत्री से तुरंत इस्तीफा लेकर डैमेज कंट्रोल की कोशिश की लेकिन अभी मामला संभला नहीं है। एक तरफ परिवार भुल्लर और उनके पिता पर FIR की मांग पर अड़ा है तो दूसरी तरफ विरोधी दलों ने भी मोर्चा खोल दिया है। पढ़ें पूरी खबर… मंत्री-अफसर का टेंडर विवाद ₹35 करोड़ कमाई से जुड़ा:भुल्लर के पिता की कंप्लेंट- उल्लंघन कर टेंडर दिलाया; DM ने कहा था- जबरन लेना चाहते थे पंजाब में शनिवार (21 मार्च) को अमृतसर में वेयरहाउस के डिस्ट्रिक्ट मैनेजर (DM) गगनदीप रंधावा जहर खाकर सुसाइड कर लिया। मरने से पहले वीडियो बनाकर उन्होंने आम आदमी पार्टी (AAP) सरकार के मंत्री लालजीत भुल्लर को जिम्मेदार ठहराया। जिसके बाद भुल्लर की मंत्री की कुर्सी छिन गई। पढ़ें पूरी खबर… पंजाब-अफसर ने वीडियो में मंत्री का नाम लेकर सुसाइड किया, मंत्री भुल्लर का इस्तीफा, नंगा करके पीटने का आरोप पंजाब में आम आदमी पार्टी सरकार के परिवहन मंत्री लालजीत भुल्लर का नाम लेकर एक अधिकारी ने आत्महत्या की है। अमृतसर में वेयरहाउसिंग कॉर्पोरेशन के डिस्ट्रिक्ट मैनेजर गगनदीप सिंह रंधावा ने शनिवार सुबह जहर खाकर जान दे दी। मरने से पहले उन्होंने 12 सेकेंड का एक वीडियो जारी किया। (पढ़ें पूरी खबर) लाल किला हिंसा में भी दिखे थे भुल्लर:मंत्री बनते ही स्टंट, जातिवादी टिप्पणी की, हर बार बचते रहे; अफसर के सुसाइड से कुर्सी छिनी अमृतसर के वेयरहाउस डिस्ट्रिक्ट मैनेजर गगनदीप सिंह रंधावा के सुसाइड से कुर्सी गंवाने वाले आम आदमी पार्टी (AAP) के मंत्री लालजीत भुल्लर पहली बार विवादों में नहीं फंसे, इससे पहले भी वह लाल किला हिंसा, जातिवादी टिप्पणी से लेकर मंत्री बनते ही स्टंटबाजी को लेकर वह सुर्खियों में रह चुके हैं। हालांकि हर बार उन्हें पार्टी और सरकार का साथ मिलता रहा। (पढ़ें पूरी खबर)