GJU के सिक्योरिटी इंचार्ज ने छात्र नेता को मारा थप्पड़:हिसार में यूनिवर्सिटी के बाहर धरने पर बैठे स्टूडेंट्स, गिरफ्तारी की मांग पर अड़े

हिसार में स्थित गुरु जम्भेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (GJU) में एक बार फिर छात्र राजनीति गरमा गई है। विश्वविद्यालय के मुख्य द्वार पर संयुक्त छात्र मोर्चा के बैनर तले विभिन्न छात्र संगठनों ने अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया है। प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने कहा कि 24 मार्च को छात्र नेता विकास बनभौरी को प्रदर्शन के दौरान विश्वविद्यालय के मुख्य सुरक्षा अधिकारी (CSO) जसवंत बिश्नोई ने मारपीट की और जातिसूचक अपशब्द भी कहे। छात्रों के अनुसार, 24 तारीख को फीस वृद्धि और अन्य मांगों को लेकर विश्वविद्यालय में प्रदर्शन किया जा रहा था। इसी दौरान CSO जसवंत बिश्नोई और विकास बनभौरी के बीच झड़प हुई। विकास बनभौरी का आरोप है कि अधिकारी ने उनके साथ न केवल मारपीट की, बल्कि उनकी जाति को लेकर अपमानजनक टिप्पणियां भी कीं। इस संबंध में सिटी थाना हिसार में SC/ST Act के तहत शिकायत दी गई थी। छात्र विकास बनभौरी ने छात्रों के बीच दिया बयान… प्रशासन छात्रों को मनाने पहुंचा
वहीं मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने छात्रों को समझाने का प्रयास किया और बताया कि मामला जांच के अधीन है। जांच के लिए एक उच्चाधिकारी (DSP) को जिम्मेदारी सौंपी गई है। हालांकि, छात्र संगठनों का कहना है कि प्रशासन केवल समय खराब कर रहा है और आरोपी को बचाने का प्रयास किया जा रहा है। ये छात्र संगठन समर्थन में आए
नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ इंडिया (भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन), इंडियन नेशनल स्टूडेंट्स ऑर्गनाइजेशन, अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद, अंबेडकर मिशन विद्यार्थी एसोसिएशन, दलित एंड शोषित स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया, प्रोग्रेसिव स्टूडेंट्स फेडरेशन, इंडियन स्टूडेंट्स ऑर्गनाइजेशन, प्रगतिशील छात्र सहायता संगठन, अंबेडकर स्टूडेंट्स फेडरेशन सहित और भी छात्र संगठन समर्थन में आए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *