HRTC पेंशनरों ने सरकार को चेताया:मांगें नहीं मानने पर आंदोलन की चेतावनी, 3% महंगाई भत्ता-एरियर तीन माह से लंबित

​हिमाचल पथ परिवहन निगम (HRTC) पथ परिवहन पेंशनर कल्याण संगठन मंडी इकाई ने सरकार और ​निगम प्रबंधन को चेतावनी दी है कि यदि उनकी लंबित मांगें पूरी नहीं हुईं तो वे आंदोलन करेंगे। संगठन का कहना है कि पिछले कई महीनों से पेंशन का भुगतान समय पर नहीं हो रहा है, और इसे 15 व 30 तारीख को दो किस्तों में दिया जा रहा है। पेंशनरों के अनुसार, 3% महंगाई भत्ता (DA) वृद्धि और पिछले तीन माह से लंबित एरियर का भुगतान भी अब तक नहीं किया गया है। जबकि सेवारत कर्मचारियों को इन लाभों का भुगतान समय पर मिल चुका है। पेंशनरों ने आरोप लगाया कि पिछले तीन वर्षों से लगभग 9000 HRTC पैंशनर “व्यवस्था परिवर्तन” के नाम पर अव्यवस्था का सामना कर रहे हैं। 50,000 रुपये की एरियर किस्त का भुगतान भी लंबित है। पेंशनरों को अभी तक एक भी पैसा नहीं मिला उन्होंने बताया कि 70 वर्ष से अधिक आयु के सरकारी पेंशनरों को 2016 से लंबित एरियर का 100% भुगतान कर दिया गया है, लेकिन HRTC पेंशनरों को अभी तक एक भी पैसा नहीं मिला है। संगठन के प्रधान अनूप कपूर ने मुख्यमंत्री से आग्रह किया है कि HRTC पैंशनरों की समस्याओं पर गंभीरता से विचार किया जाए। उन्होंने आगामी बजट में HRTC को दी जाने वाली ग्रांट-इन-एड को 750 करोड़ से बढ़ाकर 870 करोड़ रुपये करने की मांग की है। साथ ही, पैंशनरों के समय पर भुगतान के लिए प्रतिमाह 25 करोड़ रुपये का प्रावधान सुनिश्चित करने का अनुरोध किया है। बजट में पर्याप्त राशि का सरकार ने नहीं किया प्रावधान कपूर ने 3% DA वृद्धि, लंबित एरियर, 70 वर्ष से अधिक आयु के पेंशनरों के बकाया भुगतान और अन्य पैंशन लाभों के लिए बजट में पर्याप्त राशि का प्रावधान करने की भी मांग की। पेंशनरों का कहना है कि 30-35 वर्षों तक प्रदेश की सेवा करने के बावजूद लंबे समय से पेंशन और अन्य लाभों का भुगतान न होने के कारण वे ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं। ये सभी मांगें HRTC पथ परिवहन पेंशनर कल्याण संगठन, मंडी इकाई की बैठक में उठाई गईं। यह बैठक श्री के.डी. अवस्थी की अध्यक्षता में आयोजित हुई, जिसमें 90 पैंशनरों ने भाग लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *