HSVP स्कैम में SAO की प्रॉपर्टी डिटेल जारी:पंचकूला में खरीदी 15 करोड़ की संपत्ति; कुर्की की तैयारी, हिमाचल की कंपनियों में किया इन्वेस्ट

हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (HSVP) में हुए 69 करोड़ रुपए के घोटाले में स्टेट विजिलेंस एंड एंटी करप्शन ब्यूरो (SVACB) ने तत्कालीन सीनियर लेखा अधिकारी (SAO) सुनील बंसल की गबन के पैसे से खरीदी गई प्रॉपर्टी की डिटेल जारी कर दी है। बंसल ने पंचकूला में 15 करोड़ रुपए की 10 से अधिक अलग-अलग प्रॉपर्टियों में इन्वेस्ट किया है। 2015 में HSVP के उच्च अधिकारियों की अनुमति के बिना विभाग का बैंक खाता पंजाब नेशनल बैंक, मनीमाजरा, चंडीगढ़ में साजिशन खोला गया। उसके बाद वर्ष 2015 से वर्ष 2019 तक HSVP के तत्कालीन वरिष्ठ लेखा अधिकारी सुनील बंसल द्वारा एलएओ कार्यालय गुरुग्राम के बैंक खाते से 22 करोड़ रुपए और प्राधिकरण के खाते से 46 करोड़ रुपए अवैध तौर पर इसी खाते में ट्रांसफर किए गए। इसके बाद इस बैंक से अलग-अलग निजी व्यक्तियों के बैंक खातों में ट्रांसफर कर सरकारी राशि का गबन किया गया। यहां पढ़िए पूरी प्रॉपर्टी डिटेल… बेटी-दामाद के नाम से खरीदी करोड़ों की प्रॉपर्टी आरोपी द्वारा मकान नम्बर 1171 सेक्टर-7 पंचकूला में अपनी बेटी और उसके पति हर्षित जैन के नाम 3.07 करोड में खरीद किया गया था, तथा आरोपी द्वारा इस मकान को वर्ष 2022 में 7 करोड़ में बेचा गया है। ​आरोपी द्वारा प्लाट न. 486 सेक्टर-6 एमडीसी पंचकूला में 350 वर्ग गज 2.40 करोड़ रुपए में अपनी बेटी और उसके पति हर्षित जैन के नाम खरीदा। इस प्लाट पर बनाया जा रहा मकान निर्माणाधीन है। इस निर्माण पर आरोपी द्वारा करीब 1.5 करोड़ रुपए खर्च किए जा चुके हैं। आरोपी की बेटी और उसके पति हर्षित जैन के नाम पर 80 लाख रुपए का लोन है। ऑक्शन से एससीओ में लगाया पैसा ​आरोपी द्वारा 2 एससीओ, 120/120 वर्ग गज, बरवाला में सुनील बंसल और नकुल बंसल नाम से करीब 1.71 करोड़ तथा 1.67 करोड़ रुपए में ऑक्शन में खरीद किए गए हैं। आरोपी द्वारा मकान नम्बर 446 सैक्टर-6 मनसादेवी काम्प्लैक्स पंचकूला में अपने बेटे नकुल बंसल और उसकी पत्नी आंचल के नाम करीब 1.33 करोड़ में खरीदा गया है। आरोपी के पास कृष्णा एन्कलेव, डेराबस्सी में एक प्लाट 1000 वर्ग गज और दूसरा 2600 वर्ग गज का प्लाट है। यह प्रोपर्टी आरोपी द्वारा रजनी गोयल पत्नी स्व. संजय गोयल जो संजीव बिंदल के साले की पत्नी है, से उपरोक्त प्रोपर्टी खरीदी गई है।​ हिमाचल प्रदेश में कंपनियों में पैसा लगाया कृष्णा एन्क्लेव, डेराबस्सी में आरोपी द्वारा कुल 16 फ्लैट नम्बर 227 से 233, 233ए तक 234 से 241 तक (प्रति फ्लैट 62 वर्ग गज) आरोपी संजीव बिंदल से खरीदे गए है। ​फाईटो कम हेल्थ केयर, हिमाचल प्रदेश की एक युनिट को आरोपी द्वारा रेंट डीड पर लिया था जिसमें आरोपी की पत्नी सुनीता रानी का 34 प्रतिशत हिस्सा है। इसमें आरोपी द्वारा 43 लाख रुपए खर्च होने बारे बताया है। अब इस युनिट में वर्ष 2024 से रेनोवेशन चल रहा है। इस कम्पनी का वर्तमान टर्न ओवर करीब 10 करोड़ रुपए के लगभग का है। प्रॉपर्टी अटैच की हो रही कार्रवाई राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो, पंचकूला द्वारा सुनील बंसल उपरोक्त अरोपी द्वारा सरकारी राशि से अपने और अपने परिवार के सदस्यों के नाम अर्जित की गई अचल संपत्तियों को अटैच करने के लिए कार्रवाई की जा रही है। आरोपी सुनील बंसल के खिलाफ अभियोग संख्या 116 दिनांक 7 मार्च 2023 धारा 420, 467, 468, 471, 120 बी. भारतीय दण्ड संहिता थाना, सेक्टर-7, पंचकूला में दर्ज किया गया। इस अभियोग में अब तक 12 आरोपियों का गिरफ्तार किया जा चुका है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *