हिमाचल के प्रीमियम हेल्थ इंस्टीट्यूट IGMC शिमला में आज एक महिला की मौत हुई है। मृतक महिला के बेटे लीलाधर चौहान ने डॉक्टरों पर लापरवाही बरतने के गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने अपने फेसबुक पर लाइव आकर कई डॉक्टरों पर कई गंभीर आरोप लगाए। लीलाधर ने बताया कि वह आज सुबह ही नेरचौक मेडिकल कॉलेज से अपनी मां को इलाज के लिए शिमला IGMC लाए थे। वह सुबह करीब 5 बजे IGMC शिमला पहुंचे। एक घंटे के करीब बाहर ही भटकते रहे। उन्होंने आरोप लगाया कि IGMC की इमरजेंसी में उनकी माता को समय पर उचित उपचार नहीं मिला, जिससे उनकी मौत हुई है। उन्होंने कहा, जब उन्हें इमरजेंसी में एंट्री दी गई तो उसके बाद उन्हें खाली ऑक्सीजन सिलेंडर दिया गया। लीलाधर ने कहा कि वह उनका भाई, बहन और पत्नी लगभग एक घंटे तक इधर-उधर भटकते रहे। जिन 2 डॉक्टरों के जिम्मे मेरी मां का इलाज था, वे हमें देखते रहे और इधर-उधर घूमते रहे। लाइव आकर भी लगाए थे आरोप मृतक के बेटे ने आरोप लगाया कि जब उन्होंने लाइव वीडियो बनाना शुरू किया, इसके बाद उपचार तो शुरू किया गया। मगर तब तक बहुत देर हो चुकी थी। उन्होंने लाइव वीडियो में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से सख्त कार्रवाई का आग्रह किया है। IGMC हिमाचल का प्रीमियम हेल्थ इंस्टीट्यूट IGMC शिमला हिमाचल प्रदेश का सबसे प्रीमियम हेल्थ इंस्टीट्यूट है। यहां प्रदेशभर से गंभीर बीमारियों से ग्रसित मरीजों को रेफर किया जाता है। इस घटना के बाद अस्पताल में डॉक्टरों की कार्यप्रणाली सवालों के घेरे में आ गई है। इसे लेकर आईजीएमसी के सीनियर MS डॉ. राहुल राव ने बताया कि शिकायत आई है। इसकी जांच की जा रही है। जांच के बाद आधिकारिक पक्ष दिया जाएगा।