MLA राणा से AAP वर्करों की धक्कामुक्की, VIDEO:कपूरथला में गेहूं के खेत में समर्थकों ने एक-दूसरे को पीटा; फायरिंग की आवाज सुन भागे

कपूरथला में निर्दलीय MLA राणा इंदरप्रताप सिंह और आम आदमी पार्टी (AAP) समर्थकों के बीच झड़प हो गई। इस दौरान MLA राणा के साथ धक्कामुक्की हुई। इसके बाद फायरिंग भी हुई। इससे इलाके में माहौल तनावपूर्ण हो गया। पुलिस फोर्स वहां पहुंची और तुरंत हालात को काबू करने की कोशिश की। यह विवाद बुधवार को सुल्तानपुर लोधी हलके के जोन फत्तू ढींगा में ब्लॉक समिति चेयरमैन के चुनाव से पहले ढिलवां स्थित ब्लॉक समिति कार्यालय के बाहर हुआ। इसके बाद चुनाव प्रक्रिया को रुकवा दिया गया। झड़प का वीडियो भी सामने आया है। MLA राणा ने कहा कि उनके एक उम्मीदवार को किडनैप कर लिया, जबकि एक अन्य उम्मीदवार को कार्यालय में जाने से रोका गया। यहां पुलिस एक किनारे खड़ी हो गई और AAP कार्यकर्ताओं ने नाका लगा लिया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। इस संबंध में कपूरथला के एसएसपी गौरव तूरा ने हवाई फायरिंग होने की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। फायरिंग करने वाली आरोपी के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी। झड़प से जुड़े 3 PHOTOS… 3 बार छुड़ाने पर कांग्रेस-AAP समर्थकों ने एक-दूसरे के गले पकड़े, फायर हुआ ढिलवां में हुई चुनावी हिंसा का एक वीडियो भी सामने आया है। इसमें 2 गुट एक-दूसरे के साथ झगड़ा करते दिखते हैं। गेहूं के खेत में दोनों पक्षों के लोग एक-दूसरे को पीटना शुरू कर देते हैं। इस बीच 1 फायर होता है जिसके बाद लोग भागना शुरू कर देते हैं। हाईवे के साथ सटे इलाके में फायर की आवाज सुनते ही कई वाहन चालक खड़े हो जाते हैं और हाईवे से ही घटना को अपने मोबाइल में कैद करने लगते हैं। कुछ ही देर में भारी पुलिस बल पहुंचता है और लोगों को मौके से हटाते हैं। पुलिस की मौजूदगी में ही फिर से दोनों पक्ष एक-दूसरे का गला पकड़ लेते हैं जिनको लोग मुश्लिक से छुड़वाते हैं। इस दौरान धुक्का मुक्की में एक व्यक्ति की पगड़ी भी उतर जाती है। पुलिस की मौजूदगी में दोनों पक्ष एक-दूसरे पर 3 बार हमला करते हैं। मारपीट होने पर राणा इंद्रप्रताप गुट का एक समर्थक बेहोश हो जाता है। इसके बाद राणा इंद्रप्रताप भी मौके पर पहुंच जाते हैं और बेहोश हुए व्यक्ति को पानी पिलाने के बाद पूरी बात सुनते हैं। राणा इंद्रप्रताप सिंह भी धक्कामुक्की में फंस जाते हैं। इस दौरान वे भी हांफते हुए पानी पीते हुए और खांसते हुए नजर आते हैं। इस बीच एक व्यक्ति कहता है कि वो आदमी जो सामने से आ रहा है उसी ने गोली चलाई है, उसका नाम नहीं जानते। इस पर राणा इंद्रप्रताप उस व्यक्ति की तरफ देखते हैं और कहते हैं कि अच्छा ये है। इसका नाम बलजीत सिंह है। इसके बाद राणा इंद्रप्रताप सिंह एसएसपी को फोन मिलाते हैं और कहते हैं कि जितना वक्त पुलिस खड़ी रही उनके सामने ही सारा हंगामा हुआ, गोली चली। मैंने आपको एक घंटा पहले फोन किया था लेकिन फिर भी हिंसा हो गई। यही कारण है कि पंजाब में गैंगवार हो रही है। मैं ऐसा इलेक्शन नहीं चाहता। अगर धक्के से चेयमैन बनाना है तो बना लें। क्या आप गोली चलाने वाले को पकड़ेंगे भी या नहीं। राणा ने बताया कि सुखविंदर सिंह को उठाकर ले गए हैं। फायर करने के आरोपी ने कहा कि उन्होंने कोई फायर नहीं किया। यहां पर 1 हजार बंदा खड़ा है, ऐसा कौन सा बेवकूफ होगा जो फायर कर देगा। फायर करने की बात झूठी है। AAP नेता बोले- राणा इंदरप्रताप ने गुंडागर्दी की सुल्तानपुर लोधी से AAP नेता सज्जन चीमा ने कहा कि राणा गुरजीत सिंह का परिवार पिछले 25 साल से गुंडागर्दी कर रहा है। हमारे लोग शांतिपूर्ण ढंग से खड़े थे। उन्होंने सिर्फ आइडेंटिफाई किया, इनके 8 में से 2 लोगों पर पुराने केस दर्ज हैं। जब पुलिस उन्हें उठाने के लिए आई और AAP वर्करों ने उन्हें अरेस्ट करने की मांग की तो राणा ग्रुप के लोगों ने फायरिंग की। हमारे लोगों के साथ धक्कामुक्की की गई। राणा परिवार पैसा, ड्रग और मसल पावर का यूज कर चुनाव जीतना चाहता है। चीमा ने कैंडिडेट अगवा करने के आरोप को भी झूठा करार दिया। चीमा ने पूछा कि राणा क्रिमिनल्स को लेकर आया। हमारे लोगों को डराया गया। इन्होंने गुंडागर्दी की है। इन्होंने फायरिंग कर हमारे नेताओं व वर्करों को डराने की कोशिश की है। MLA राणा गुरजीत बोले- सरकार लोकतंत्र की हत्या कर रही इस मामले में कांग्रेस MLA राणा गुरजीत सिंह ने कहा-निर्दलीय MLA राणा इंदरप्रताप के पास बहुमत ही नहीं बल्कि उससे भी एक वोट फालतू है। पुलिस ने आम आदमी पार्टी के सज्जन के कहने पर उनमें से एक आदमी के ऊपर नाजायज पर्चा दर्ज कर दिया। हाईकोर्ट का रूल है कि वोट डालने के लिए उस आदमी को लाया जाए, पुलिस उसे रोक नहीं सकती, फिर भी पुलिस अड़ी हुई थी कि हम उसे लेकर जाएंगे। जब विधायक इंदरप्रताप अंदर जा रहे थे तो उनके एक आदमी भिंदा नंबरदार को खींच लिया। इसके बाद वहां गोली चलाई। पूर्व मंत्री राणा गुरजीत सिंह ने कहा कि सरकार लोकतंत्र की हत्या कर रही है। उन्होंने कहा कि चुनाव निष्पक्ष होने के बजाय जबरदस्ती से जीते जा रहे हैं। राणा गुरजीत सिंह ने कहा कि इस चुनावी प्रक्रिया में हुई धांधली और हिंसा के खिलाफ कानूनी रास्ता अपनाएंगे और न्याय न मिला तो हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाएंगे। उन्होंने प्रशासन को चेतावनी दी कि अगर लोकतंत्र की इसी तरह धज्जियां उड़ाई गईं तो वे बड़े स्तर पर विरोध प्रदर्शन करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *