हरियाणा के नारनौल में शुक्रवार देर शाम नेशनल हाईवे नंबर 11 पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में 25 वर्षीय युवक की मौत हो गई। युवक स्कॉर्पियो कार से राजस्थान में एक शादी समारोह में शामिल होने जा रहा था। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। गुरुग्राम के मानेसर क्षेत्र के पास स्थित एक गांव निवासी करीब 25 वर्षीय अनिल कुमार शुक्रवार को अपनी काले रंग की स्कॉर्पियो एन कार से राजस्थान के झुंझुनूं जिले में आयोजित एक विवाह समारोह में शामिल होने के लिए निकला था। वह गाड़ी में अकेला ही सफर कर रहा था। रघुनाथपुरा के पास हुआ हादसा बताया जा रहा है कि शाम करीब छह बजे जब अनिल एनएच-11 से बाईपास होते हुए गांव रघुनाथपुरा के पास बने फ्लाईओवर से नीचे उतर रहा था, तभी अचानक उसकी कार का एक टायर फट गया। टायर फटते ही गाड़ी अनियंत्रित हो गई और चालक अनिल वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका। रेलिंग घुसी कार के अंदर अनियंत्रित कार तेज रफ्तार में हाईवे किनारे लगी लोहे की रेलिंग से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि रेलिंग कार के अगले हिस्से को चीरती हुई अंदर तक घुस गई। हादसा बेहद गंभीर था और अनिल कुमार की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने रखवाया शव हादसे के बाद आसपास के गांवों के लोग मौके पर जमा हो गए। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर नागरिक अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया। जांच में जुटी पुलिस ने मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी है। परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। पुलिस मामले की जांच कर रही है और दुर्घटना के कारणों की पुष्टि की जा रही है। शुरुआती जांच में टायर फटना हादसे का मुख्य कारण माना जा रहा है। इस दर्दनाक हादसे से मृतक के परिवार में शोक की लहर है।