RJD समर्थकों ने रोका लालू का काफिला..बोले-मसौढ़ी MLA को हटाओ:रेखा पासवान बोलीं- ये लोग भाड़े के टट्टू, 1000-500 में बुलाए गए

मसौढ़ी की महिला विधायक रेखा पासवान के खिलाफ राजद समर्थकों में गुस्सा बढ़ता ही जा रहा है। इसे लेकर मंगलवार को राजद कार्यकर्ताओं ने राबड़ी आवास के बाहर घंटों हंगामा किया। कार्यकर्ता रेखा पासवान के खिलाफ नारे लगा रहे थे। इस बीच राजद सुप्रीमो लालू यादव को कार्यकर्ताओं की नाराजगी का सामना करना पड़ा। कार्यकर्ताओं ने राबड़ी आवास के बाहर लालू यादव के काफिले को भी जबरन घेर लिया। उनके सामने ही मसौढ़ी की विधायक के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। इस दौरान लालू के बॉडीगार्ड्स ने कार्यकर्ताओं को पीछे धकेलना शुरू कर दिया। जिसके बाद बॉडीगार्ड्स और कार्यकर्ताओं के बीच हल्की नोकझोंक भी हुई। लालू ने भी कार्यकर्ताओं को तवज्जो नहीं दिया और उनका काफिला आगे निकल गया। इस घटना के बाद भास्कर संवाददाता ने फोन पर रेखा पासवान से बात की। उन्होंने प्रदर्शन कर रहे लोगों को भाड़े का टट्टू बताया। विधायक ने कहा, ‘उन सभी को 1000-500 रुपए देकर बुलाया गया है, लेकिन नेता जी ने हमें शांत रहने को कहा है।’ राबड़ी आवास के बाहर से आई 3 तस्वीरें देखिए… रेखा पासवान बोलीं- मेरे नेता ने मुझे शांत रहने के लिए कहा है भास्कर से बातचीत में रेखा पासवान ने कहा, ‘जो लोग हंगामा कर रहे हैं या मुझ पर इल्जाम लगा रहे हैं, वो सारे लोग मेरे विरोधी हैं। जितना हम अपने क्षेत्र में रहते हैं उतना बिहार का कोई MLA नहीं रहता है और यह हमारे नेता अच्छी तरह जानते हैं।’ राजद की महिला विधायक ने कहा, जो विरोध कर रहे हैं उसमें सिर्फ लड़के हैं, कोई बड़ा आदमी नहीं है। ये लोग भाड़े के टट्टू हैं। 1000 और 500-500 रुपए लेकर यहां आए हैं तो जो बोलना होगा वह बोलेगा ही ना।’ उन्होंने आगे कहा, ‘जिस नूतन पासवान का नाम लेकर ये लोग हंगामा कर रहे हैं, वह पार्टी में भी नहीं है। वह भगौड़ी है.. इधर-उधर भागते रहती है। इतनी आसानी से उसको टिकट कैसे मिल जाएगा। क्या RJD वाले जानते नहीं है कि कौन हमारे पार्टी के साथ है। रेखा पासवान ने कहा, ‘वह लोग दुकानदारी खोले हुए हैं। 8 या 10 लोगों को अपने संपर्क में रखकर पैसा इकट्ठा करता है और फिर नेताजी के घर के बाहर हंगामा करने आ जाता है, लेकिन ग्राउंड लेवल पर कोई हल्ला नहीं है। ये हकीकत है। हम भी चाहेंगे तो 10 हजार आदमी उतार देंगे, लेकिन हमको ये सब करना नहीं है। हमारे नेता ने हमें मना किया है। कहा है- आप शांत रहिए..। RJD विधायक ने कहा, ‘सब पार्टी एक जैसा ही है, लेकिन हमारे पार्टी के लोग रोड पर हल्ला करते हैं और बाकी सब पार्टी अंदर ही अंदर लड़ता रहता है। हम 33 हजार और 40 हजार से चुनाव जीतते हैं। अब जानिए कार्यकर्ता क्या कहते हैं ’10 साल से मसौढ़ी के लिए कुछ काम नहीं किया’: कार्यकर्ताओं ने RJD विधायक रेखा पासवान पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाया है। कार्यकर्ता विधायक को हटाने की मांग कर रहे हैं। लोगों का कहना रेखा पासवान ने बीते 10 साल में मसौढ़ी के लोगों के लिए कुछ काम नहीं किया है। कार्यकर्ता ‘रेखा हटाओ, मसौढ़ी बचाओ’ के पोस्टर लेकर राबड़ी आवास के बाहर देर रात तक डटे रहे। विधायक के खिलाफ नारेबाजी की। कार्यकर्ता का कहना है, ‘हम अपने नेता से मिलने आए हैं। वो हमेशा हमारी बात सुनते हैं। इस बार भी उन्हें हमारी बात माननी ही पड़ेगी। एक कार्यकर्ता चंदन यादव ने कहा, ‘हमारे लिए मान-सम्मान से बढ़कर कुछ नहीं है। यह लड़ाई केवल मान-सम्मान की है, धन-संपत्ति की नहीं। हम अपने नेता पर पूरा भरोसा रखते हैं और हमें विश्वास है कि हमारी मांग सुनी जाएगी।’ ‘हमारे क्षेत्र में केवल भ्रष्टाचार बढ़ा है’: नुरुल प्रसाद ने रेखा देवी की कार्यशैली पर सवाल उठाए। कहा कि उनके राज में क्षेत्र में सिर्फ भ्रष्टाचार बढ़ा है। केवल घूसखोरी और अपने लोगों को फायदा पहुंचाने का काम हुआ है। अब हमें लगता है कि रेखा देवी को हटाना जरूरी है। ‘रेखा पासवान ने घुसखोरी को बढ़ावा दिया’: कार्यकर्ता संतोष ने कहा, ‘हमारी मांग है कि रेखा पासवान को हटाकर किसी दूसरे को टिकट मिलना चाहिए। हमलोगों ने बात भी की है। अपनी इस मांग को पूरी करके ही रहेंगे। दूसरे कार्यकर्ता ने कहा कि हमने संकल्प लिया है कि रेखा को हटाना है। वो रहने लायक नहीं है। इतना घुसखोरी बढ़ाया है पूरे ब्लॉक में कि क्या ही कहें। मौके पर मौजूद अन्य कार्यकर्ताओं ने कहा कि यह आंदोलन किसी व्यक्तिगत विरोध या संपत्ति के लिए नहीं है, बल्कि यह क्षेत्र के हित और विकास के लिए जरूरी है। मसौढ़ी में मजबूत प्रत्याशी चाहिए: सुभाष यादव ने कहा कि हम युवा कार्यकर्ता पार्टी के लिए सोना हैं, पार्टी की पूंजी हैं और पार्टी की पूंजी बेचने का लालू जी काम नहीं करेंगे। हमारे विधानसभा में एक मजबूत उम्मीदवार चाहिए। बिहार में तेजस्वी यादव की सरकार बनने जा रही है। मसौढ़ी से भारी बहुमत से जीताकर राजद प्रत्याशी को सदन भेजेंगे। जब राहुल गांधी SIR के मुद्दे पर लड़ रहे थे, तब यह विधायक हम युवाओं को तोड़ने का काम रही थी। कौन हैं मसौढ़ी विधायक रेखा पासवान रेखा पासवान पटना के मसौढ़ी विधानसभा क्षेत्र से विधायक हैं। वे दलित समाज से आती हैं। रेखा पासवान ने 2020 के बिहार विधानसभा चुनाव में मसौढ़ी सीट से RJD के टिकट पर चुनाव लड़ा और जदयू की उम्मीदवार नूतन पासवान को 32,227 वोटों से हराकर जीत हासिल की। उन्हें कुल 98,696 वोट मिले थे। यह उनकी पहली प्रमुख जीत थी, हालांकि वे पहले से ही स्थानीय स्तर पर सक्रिय रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *