शेखपुरा के अरियरी प्रखंड मुख्यालय स्थित राज्य खाद्य निगम (SFC) के गोदाम में बड़ी अनियमितता सामने आई है। SDM राहुल कुमार सिन्हा ने गोदाम संख्या-8 में अचानक मंगलवार शाम छापेमारी की। छापेमारी में सहायक प्रबंधक की गैरमौजूदगी में 2 अनधिकृत व्यक्तियों द्वारा गोदाम का संचालन करते पाया गया। SDM ने इस गंभीर अनियमितता पर कार्रवाई करते हुए SFC के जिला प्रबंधक राकेश कुमार को गोदाम के सहायक प्रबंधक सहित तीनों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने का निर्देश दिया। इसके बाद बुधवार को अरियरी थाने में FIR दर्ज की गई। सहायक प्रबंधक के साथ 2 अन्य लोग किए गए नामजद थाना अध्यक्ष के अनुसार, FIR में गोदाम के सहायक प्रबंधक अजय कुमार के साथ 2 अन्य लोगों को नामजद किया गया है। इनमें लखीसराय जिले के मानिकपुर थाना क्षेत्र के लक्ष्मीपुर गांव निवासी राहुल कुमार और महुली थाना क्षेत्र के फुलचोड गांव निवासी सिंघन यादव शामिल हैं। नियुक्ति का नहीं था कोई आधिकारिक आदेश SDM ने स्पष्ट किया कि दोनों व्यक्तियों की नियुक्ति का कोई आधिकारिक आदेश नहीं था। यह नियमों का खुला उल्लंघन है। AGM की लापरवाही की भी जांच की जाएगी। छापेमारी के दौरान अंचल अधिकारी अंकु गुप्ता और थाना अध्यक्ष कौशलेंद्र भी मौजूद थे। इस SFC गोदाम में पहले भी अनियमितताओं की शिकायतें मिल चुकी हैं। वहीं, पुलिस मामले की जांच कर रही है, लेकिन अभी तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है।