सोनीपत के राई स्थित SRM यूनिवर्सिटी दिल्ली ‑एनसीआर में छात्रों के बीच पुरानी रंजिश के चलते विवाद हिंसक झगड़े में बदल गया। आरोप है कि कुछ युवकों ने अपने परिजनों और अन्य साथियों के साथ मिलकर एक छात्र और उसके मामा पर हमला कर दिया। पीड़ित छात्र के अनुसार आरोपियों ने पहले विश्वविद्यालय के बाहर मारपीट की और बाद में बेसमेंट में घुसकर लोहे की रॉड व डंडों से हमला किया। घटना में दोनों को चोटें आई हैं, जबकि बचाने आए मामा की कार के शीशे भी तोड़ दिए गए। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
यूनिवर्सिटी के बाहर छात्र पर हमला, बेसमेंट तक पीछा कर की मारपीट
समालखा निवासी विनय कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह पिछले छह वर्षों से अपने मामा सुखजीत के पास गांव खेवड़ा में रह रहा है और SRM यूनिवर्सिटी दिल्ली ‑एनसीआर में बी.कॉम प्रथम वर्ष का छात्र है। उसकी यूनिवर्सिटी में पढ़ने वाले नितिन तुशीर के साथ तीन-चार दिन पहले झगड़ा हुआ था, लेकिन बाद में दोनों के बीच समझौता हो गया था।
विनय का आरोप है कि 5 मार्च को करीब चार बजे वह यूनिवर्सिटी से बाहर निकला तो नितिन तुशीर, अनुज तुशीर, रितिक दहिया सहित अन्य लोग वहां खड़े थे। आरोपियों ने उसे गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी, जिससे बचने के लिए वह यूनिवर्सिटी के बेसमेंट में छिप गया।
लोहे की रॉड और डंडों से हमला, मामा की कार के शीशे भी तोड़े
पीड़ित छात्र का कहना है कि उसने घटना की सूचना अपने मामा सुखजीत को फोन पर दी। कुछ देर बाद आरोपी और उनके साथी बेसमेंट में भी पहुंच गए और लोहे की रॉड व डंडों से दोबारा हमला कर दिया। इसी दौरान जब मामा सुखजीत उसे बचाने के लिए पहुंचे तो उनके साथ भी मारपीट की गई।
हमलावरों ने सुखजीत की कार HR10AX7509 के शीशे भी तोड़ दिए और जान से मारने की धमकी देकर मौके से फरार हो गए।
डायल-112 पर सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची
घटना की सूचना मिलने पर हरियाणा पुलिस की डायल-112 टीम और थाना राई पुलिस मौके पर पहुंची। जांच के दौरान पता चला कि विनय कुमार और सुखजीत के साथ झगड़ा हुआ है और दोनों उपचार के लिए अस्पताल चले गए हैं।
इसके बाद विनय कुमार ने थाना राई पहुंचकर अपनी लिखित शिकायत और मेडिकल लीगल रिपोर्ट (MLR) पुलिस को सौंपी।
दोनों घायलों की मेडिकल रिपोर्ट में चोटों की पुष्टि
पुलिस के अनुसार विनय कुमार की एमएलआर में डॉक्टरों ने तीन ब्लंट चोटें दर्ज की हैं, जबकि सुखजीत की मेडिकल रिपोर्ट में दो ब्लंट चोटें बताई गई हैं। शिकायत और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
कई धाराओं में केस दर्ज, जांच शुरू
थाना राई पुलिस ने विनय कुमार की शिकायत पर नितिन तुशीर, अनुज तुशीर, रितिक दहिया और अन्य के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 190, 191(3), 115, 351(3) और 324(4) के तहत केस दर्ज किया है। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।