T-20 वर्ल्ड कप मैच देखने को लेकर पीट-पीटकर हत्या:मां बोली- इंडिया का विकेट गिरने पर बेटे ने शोर मचाया, उन्हें लगा खुश हो रहा है

वैशाली में रविवार शाम मोबाइल पर T-20 वर्ल्ड कप मैच देखने को लेकर हुए विवाद में 17 साल के दिव्यांग युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। जक्कोपुर गांव में कुछ युवक भारत-न्यूजीलैंड के बीच मैच देख रहे थे। मैच के दौरान भारत का एक विकेट गिरने पर एक युवक ने जोर से हल्ला किया, जिससे दूसरे युवक को गुस्सा आ गया। इसके बाद दोनों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो जल्द ही मारपीट में बदल गई। विवाद बढ़ने पर आरोपी ने युवक को जमीन पर पटक दिया और उसके सिर पर हमला कर दिया। हमले में कुदन गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना महनार थाना क्षेत्र के जक्कोपुर गांव की है। मृतक की पहचान जक्कोपुर, नगर परिषद महनार के वार्ड संख्या-18 निवासी बृजकिशोर राय के 17 साल के बेटे कुंदन कुमार के रूप में हुई है। कुंदन बोल नहीं सकता था। उसके पिता किसान हैं। वो दो भाइयों में छोटा था और उसकी दो बहनें भी हैं। आरोपी की पहचान विसुनकांत ठाकुर के बेटे 18 साल के किसन कुमार के रूप में हुई है, जिसका घर कुंदन के घर के पास ही है। अब सिलसिलेवार तरीके से जानिए पूरा घटनाक्रम… उन्हें लगा बेटा विकेट गिरने से खुश हुआ मृतक कुंदन की मां ने बताया कि, 8 मार्च को कुंदन किसी काम से घर से बाहर गया था। पता नहीं कैसे वो उन लोगों के पास पहुंच गया। गांव के ही कुछ लड़के मोबाइल पर कैशव मैच देख रहा था। वहीं पर मेरा बेटा भी देखने लगा। उसने मेरे बेटे को कहा यहां से हट जाओ, लेकिन बेटा हटा नहीं। इंडिया का विकेट गिरने पर कुंदन ने शोर मचाया। उन्हें लगा विकेट गिरने से वो खुश हो रहा है। युवकों ने उसके साथ मारपीट की। सिर फोड़ दिया। मृतक की दादी ने बताया कि 3 लड़कों के साथ मेरा पोता फोन में मैच देख रहा था। इसी दौरान जब वो फोन की तरफ झुका तो किशन ने उसे कोहनी से मारकर साइड किया, धक्का लगने से कुंदन पीछे की तरफ जा गिरा और उसे चोट लग गई। इसके बाद वो गुस्से में उठकर आया और किशन का कॉलर पकड़ ली। हाथापाई में किशन के शर्ट का बटन टूट गया। इसके बाद उसने गुस्से में कुंदन का गर्दन पकड़ा और मुक्का से मारना शुरू कर दिया। इसके बाद जब मेरा पोता वहां से निकलने लगा तो तो पैर से लगड़ी लगाकर उसे गिरा दिया। उसके बाद वो पैर से मेरे पोते को मारने लगा, जिससे उसके सिर में गंभीर चोट आ गई। PMCH पहुंचने से पहले युवक ने तोड़ा दम घटना के बाद स्थानीय लोगों ने कुदन को तुरंत महनार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे हाजीपुर सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। हाजीपुर में भी हालत नाजुक बनी रहने पर डॉक्टरों ने उसे पटना मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (PMCH) भेजा, लेकिन पटना ले जाते समय रास्ते में ही कुदन ने दम तोड़ दिया आरोपी की गिरफ्तारी की मांग इस घटना के बाद मृतक के परिजनों में गुस्सा है। उन्होंने आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है। जक्कोपुर गांव में तनाव की स्थिति बनी हुई है। महनार थाना पुलिस ने बताया कि घटना में शामिल आरोपी की पहचान कर ली गई है और उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। 2 पुलिस टीम कर रही छापेमारी SDPO प्रवीण कुमार ने बताया कि महनार थाना क्षेत्र के जक्कोपुर गांव में 2 नाबालिग बच्चों के बीच क्रिकेट देखने को लेकर आपसी विवाद में मारपीट की घटना हुई। इसी क्रम में एक बालक को धक्का लगने से वह पत्थर पर गिर गया, जिससे उसे गंभीर चोट लग गई। घायल बालक को उपचार हेतु PMCH ले जाया जा रहा था, उसी दौरान उसकी मृत्यु होने की सूचना प्राप्त हुई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए घटनास्थल पर FSL टीम को जांच हेतु बुलाया गया है। मामले की जांच की जा रही है। नामित आरोपी को निरुद्ध करने के लिए दो पुलिस टीमों का गठन कर छापामारी की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *