अफेयर में नाबालिग ने रची हत्या की कहानी:रोहतास में मुर्गा काटकर कमरे में फैलाया खून, बॉयफ्रेंड के साथ मुंबई भागी

रोहतास में 30 अप्रैल को एक नाबालिग लड़की ने अपने मर्डर की झूठी कहानी रची। उसने घर में जिंदा मुर्गा काटा और खून को पूरे कमरे में फैला दिया। इसके बाद वो अपने बॉयफ्रेंड के साथ मुंबई भाग गई। मामला इंद्रपुरी थाना क्षेत्र के बढ़िहा गांव का है। लड़की के परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस से शिकायत की। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की। पुलिस की शुरुआती जांच में लड़की जिंदा मिली। 22 मई को मुंबई से प्रेमी के साथ नाबालिग को पकड़कर रोहतास लाया गया। इसके बाद लड़की को उसके परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस की पूछताछ में लड़की ने बताया कि अपने परिवार और पुलिस को गुमराह करने के लिए ऐसी साजिश रची थी। मैं नहीं चाहती थी कि मेरे परिवार के सदस्य या पुलिस हमलोगों तक पहुंचे। इसलिए कमरे में मुर्गा काटकर खून फैला दिया, ताकि लोग समझे की मेरा मर्डर हुआ है। मामले से जुड़ी कुछ तस्वीरें… नाबालिग का 5 साल से चल रहा था अफेयर लड़की ने पुलिस की पूछताछ में बताया कि मैं 10वीं क्लास में पढ़ाई करती हूं। मेरा गांव के ही एक लड़के मयंक (19) के साथ पिछले 5 साल से अफेयर चल रहा था। हम दोनों एक-दूसरे से बहुत प्यार करते हैं। 6 महीने पहले मयंक कमाने के लिए महाराष्ट्र चला गया। इस दौरान हम दोनों की सिर्फ फोन पर ही बात हो रही थी। हमलोग एक-दूसरे से मिल नहीं पा रहे थे। इस वजह से मुझे अच्छा नहीं लग रहा था। घरवालों को भी अफेयर की जानकारी मिली तो वे लोग विरोध कर रहे थे। इसी डर से हम दोनों ने भागने की प्लानिंग की। मार्केट से मुर्गा खरीदकर बैग में रखा, रात में काटा 30 अप्रैल की शाम मैं कोचिंग जाने का बहाना बनाकर घर से निकली और मार्केट से मुर्गा खरीदकर अपने बैग में रख लिया। घर आकर सीधे अपने कमरे में जाकर बिस्तर के नीचे मुर्गा को रख दिया। रात 10 बजे घरवाले खाना खाकर अपने-अपने कमरे में सोने चले गए। इसके बाद मैंने मुर्गा काटा और खून को पूरे कमरे में फैला दिया। खून से पैरों के निशान बनाकर खुद के मर्डर की कहानी रची। रात 11 बजे तक मैंने ये सब काम खत्म किया और घर से भागकर रेलवे स्टेशन पहुंची। यहां मुझे मयंक मिल गया। फिर हम दोनों ट्रेन से महाराष्ट्र के लिए रवाना हो गए। कमरे में खून फैला देख परिवार को लगा मर्डर डेहरी के एएसपी अतुलेश झा ने बताया कि 1 मई को नाबालिग की हत्या की सूचना मिली। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू की। शुरुआती जांच में मामला बड़ी वारदात जैसा लग रहा था। इसके अलावा FSL की टीम, डॉग स्क्वायड की टीम और तकनीकी सहायता के लिए डीआईयू की टीम मौके पर पहुंचकर जांच की। घर के आस-पास भी तलाशी की गई। इसी दौरान नाबालिग के घर से 200 मीटर की दूरी पर पुलिस को मुर्गा का हड्डी मिला, जिसको जांच के लिए भेजा गया। जांच-पड़ताल के दौरान पुलिस को पता चला कि नाबालिग का गांव के एक युवक से अफेयर चल रहा है। इसके बारे में पता करने पर युवक की संलिप्तता भी सामने आई। मयंक महाराष्ट्र के ठाणे जिले के भिवंडी शहर में ड्राइवर का काम करता है। महाराष्ट्र के भिवंडी से हुई बरामदगी पुलिस टीम को राज्य से बाहर कार्रवाई की अनुमति मिलने के बाद गठित टीम महाराष्ट्र रवाना हुई। 20 मई को पुलिस ने महाराष्ट्र के भिवंडी शहर से नाबालिग को आरोपी मयंक कुमार के साथ बरामद किया गया। दोनों को भिवंडी न्यायालय से ट्रांजिट रिमांड लिया गया और फिर उन्हें रोहतास लाया गया। पुलिस ने कहा- तकनीकी जांच से खुला मामला एएसपी अतुलेश झा ने बताया कि तकनीकी साक्ष्यों और गहन जांच के कारण मामले का खुलासा हुआ है। शुरू में पूरा मामला हत्या और अपहरण जैसा प्रतीत हो रहा था, लेकिन बाद में सच्चाई सामने आई। फिलहाल पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *