अबोहर-बेसहारा पशु की टक्कर से किसान नेता की मौत:एक सप्ताह तक बठिंडा के निजी अस्पताल में चला इलाज; 3 बच्चों के थे पिता

अबोहर के गांव कुहाड़ियांवाली निवासी और भारतीय किसान यूनियन राजोवाल के सदस्य कुलवंत सिंह (70) की बठिंडा के एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। वे करीब एक सप्ताह पहले अबोहर-फाजिल्का रोड पर एक बेसहारा पशु से टकराकर गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उनकी लाश अबोहर अस्पताल के शवगृह में लाई गई। जानकारी के अनुसार, कुलवंत सिंह पुत्र जोगिंदर सिंह मूल रूप से गांव कुहाड़ियांवाली के निवासी थे और अबोहर की रिद्धि सिद्धि कॉलोनी में भी उनका मकान था। लगभग एक सप्ताह पहले, वे शाम के समय बाइक पर सवार होकर गांव से शहर आ रहे थे। छावनी के निकट पहुंचने पर सड़क पर अचानक एक बेसहारा पशु आ गया, जिससे उनकी बाइक टकरा गई और वे बुरी तरह घायल हो गए। तीन बच्चों के पिता थे कुलवंत सिंह आसपास के लोगों ने उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया। हालत गंभीर होने के कारण उन्हें बठिंडा रेफर कर दिया गया। पिछले एक सप्ताह से बठिंडा के मैक्स अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था, लेकिन आज सुबह उनकी मौत हो गई। कुलवंत सिंह तीन बच्चों के पिता थे। आवारा पशुओं की समस्या हल की जाए: सुखजिंदर राजन घटना की सूचना मिलने पर अस्पताल पहुंचे भारतीय किसान यूनियन के नेता सुखजिंदर राजन ने कुलवंत सिंह के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि कुलवंत सिंह यूनियन के वरिष्ठ नेता थे। राजन ने बेसहारा पशुओं की समस्या पर चिंता जताते हुए कहा कि इनके कारण कई जानें जा चुकी हैं, लेकिन प्रशासन इस ओर ध्यान नहीं दे रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने शीघ्र ही इस समस्या का समाधान नहीं किया, तो किसान यूनियन संघर्ष करने को मजबूर होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *