अबोहर में एक युवक को अगवा कर उसके साथ मारपीट करने का मामला सामने आया है। इस संबंध में थाना सिटी टू पुलिस ने युवक की लिव-इन पार्टनर सहित 6 के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो महिला आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। ठाकर आबादी निवासी शिकायतकर्ता सुरेश कुमार ने बताया कि उनके साले सुरेंद्र का अपनी पत्नी के साथ तलाक का मामला चल रहा है। इस दौरान सुरेंद्र डबवाली की एक महिला के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहा था। सुरेश के अनुसार, हाल ही में जब सुरेंद्र अबोहर आया और उसने अजीमगढ़ में मिलने के लिए बुलाया, तो डबवाली से आई लिव-इन पार्टनर महिला अपने साथियों के साथ वहां पहुंच गई। आरोपियों ने सुरेंद्र के साथ मारपीट की। जब सुरेश ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, तो उसे भी पीटा गया। जबरन एक कार में डालकर अगवा कर ले गए मारपीट के बाद आरोपी सुरेंद्र को जबरन एक कार में डालकर अगवा कर ले गए। सुरेश की शिकायत पर पुलिस ने मंडी डबवाली के रविदास नगर निवासी प्रेमचंद उर्फ विक्की, सन्नी, मोनिका उर्फ सोनिका, पायल और दो अज्ञात लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 140(3), 115(2), 191(3) और 190 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही थाना प्रभारी दविंदर सिंह ने बताया कि पुलिस ने इस मामले में नामजद आरोपी मोनिका उर्फ सोनिका और पायल को गिरफ्तार कर लिया है। अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं।