अबोहर में युवक 9 ग्राम हेरोइन सहित गिरफ्तार:जेब से 19,200 रुपये ड्रग मनी भी बरामद; रिमांड पर लेकर पुलिस करेगी पूछताछ

अबोहर की थाना नंबर दो पुलिस ने बीती रात एक युवक को 9 ग्राम हेरोइन और 19,200 रुपये की ड्रग मनी के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। सहायक थानेदार बलविंदर सिंह अपनी टीम के साथ फोकल प्वाइंट से करीब 200 मीटर आगे गश्त कर रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रहे एक युवक ने पुलिस टीम को देखकर अपने हाथ में पकड़ा प्लास्टिक का लिफाफा फेंक दिया और मौके से भागने की कोशिश की। पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए युवक को काबू कर लिया। पुलिस टीम ने जब युवक द्वारा सड़क किनारे फेंके गए लिफाफे की तलाशी ली, तो उसमें से 9 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। इसके बाद, युवक की तलाशी लेने पर उसकी जेब से 19,200 रुपये नकद मिले। पुलिस का मानना है कि यह राशि हेरोईन बेचकर कमाई गई थी। आपराधिक रिकॉर्ड की जांच कर रही पुलिस पकड़े गए युवक की पहचान आर्य नगरी गली नंबर 5 निवासी राहुल पुत्र ज्ञान चंद के रूप में हुई है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी को आज अदालत में पेश किया जाएगा। पुलिस रिमांड पर लेकर उससे कड़ी पूछताछ की जाएगी ताकि हेरोइन के स्रोत और अन्य नशा तस्करों का पता लगाया जा सके। उसके आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *