न्यूयॉर्क के रिचमंड हिल में 4 पंजाबी युवकों ने सरेआम एक-दूसरे को ताबड़तोड़ थप्पड़ जड़े और कड़े मारकर सिर फाड़ दिए। इस घटना के बाद चारों युवकों के खिलाफ अमेरिका पुलिस ने डिपोर्टेशन की कार्रवाई शुरू कर दी है। घटना मंगलवार 28 अप्रैल की है। युवकों को पुलिस ने कोर्ट में पेश किया। 29 अप्रैल को इनको रिमांड पर लेकर पूछताछ शुरू की गई। प्राथमिक जानकारी के अनुसार चारों युवकों का वर्क परमिट खत्म हो चुका था और सभी ने शरणार्थी के लिए अर्जी दे रखी थी। न्यूयॉर्क की 101 स्ट्रीट पर इस घटना की शुरुआत गाड़ियों का हार्न बजाने और इसके बाद मामूली बहस से हुई। बताया जा रहा है चारों युवक 2 अलग-अलग गाड़ियों में न्यूयॉर्क की सड़क से गुजर रहे थे। इस दौरान साइड लेने को लेकर बजाए हॉर्न से एक-दूसरे में बहस शुरू हुई। साइड न मिलने से युवकों ने गाड़ियों को रोक दिया। वह गाड़ियों से उतरे और एक-दूसरे के गले पकड़ लिए। इसके बाद थप्पड़ मारने शुरू कर दिए। सिर में कड़ा लगने से एक युवक घायल हो गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने आस-पास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज लेकर युवकों की पहचान की और गाड़ियों के नंबर ट्रेस कर उनको अरेस्ट कर लिया। जानें वीडियो में क्या…
चार युवक सड़क से नीचे झगड़ते आते हैं- वीडियो में दिख रहा है कि चार लड़के सड़क से नीचे झगड़ा करते हुए मार्केट में आ जाते हैं। यहां मार्केट की पार्किंग के पास और दुकानों के आगे वाली सड़क पर एक-दूसरे को थप्पड़ बरसाना शुरू कर देते हैं। युवक एक-दूसरे को कम से कम 10-10 थप्पड़ मारते हैं। गले पकड़कर खड़े रहते हैं- थप्पड़ों से एक-दूसरे की पिटाई के बाद युवक गले पकड़ खड़े रहते हैं। इस दौरान पास से कई लोग डर-डरकर और भागकर निकलते हैं। युवक जोर-जोर से एक दूसरे को गालियां भी देते हैं। कुछ देर रुककर फिर आमने-सामने होते हैं- युवक कुछ सैकेंड तक लड़ाई से हटकर मार्केट के रोड से थोड़ी हाइट से गुजरते मेन रोड की तरफ जाते हैं और फिर अचानक से नीचे की तरफ आ जाते हैं। एक-दूसरे के करीब आते हैं, तनातनी की स्थिति बनती है लेकिन चले जाते हैं। सफेद टीशर्ट पर साफ दिख रहे खून के दाग- छोटी हाइट के और सफेद टीशर्ट डाले एक युवक के कपड़ों पर खून के दाग साफ दिख रहे हैं। झगड़े के बाद खून बहने के चलते युवक रोड किनारे फुटपाथ पर बैठ जाता है। पुलिस ने आकर चारों को अरेस्ट किया- अभी युवक झगड़ा कर वहां से निकले भी नहीं थे कि न्यूयार्क की पुलिस वहां पर पहुंच गई। घायल युवक को अस्पताल पहुंचाया और अन्य को हिरासत में ले लिया गया। पुलिस ने बताया कि घायल को भी इलाज के बाद हिरासत में ले लिया है। देखें घटना से जुड़े वीडियो फुटेज पुलिस ने नहीं बताई युवकों की पहचान न्यूयॉर्क पुलिस (NYPD) ने चारों युवकों को गिरफ्तार कर लिया है, लेकिन कोर्ट में ट्रायल के चलते पहचान उजागर नहीं की है। चारों हिरासत में हैं और उन पर हथियार रखने जैसे आरोप लगाए गए हैं। पुलिस का कहना है कि चारों युवक शरणार्थी के तौर पर रह रहे थे। कोर्ट से फैसले के बाद इनके केस को शरणार्थी बोर्ड को ट्रांसफर किया जाएगा। इसके बाद बोर्ड ही डिपोर्टेशन की प्रक्रिया पूरी करेगा। रिचमंड हिल को लिटिल पंजाब के नाम से जाना जाता है रिचमंड हिल को लिटिल पंजाब के नाम से जाना जाता है। यहां बड़ी संख्या में पंजाबी समुदाय के लोग हैं। रिचमंड हिल में सिखों की अनुमानित संख्या 78 हजार से अधिक है। इसे दुनिया के सबसे घने सिख डायस्पोरा इलाकों में से एक गिना जाता है। यहां कई पंजाबी परिवार पीढ़ियों से रह रहे हैं। इलाके में कई गुरुद्वारे हैं, जहां रोजाना लंगर का प्रबंध होता है। कोविड में गुरुद्वारों ने लोगों को भोजन देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।