अम्बाला-श्रीगंगानगर पैसेंजर ट्रेन का पावर फेल:मलोट के पास इंजन में आई खराबी, दूसरा भेजा गया, डेढ़ घंटे देरी से पहुंची स्टेशन

अम्बाला से श्रीगंगानगर जा रही पैसेंजर ट्रेन में आज सुबह तकनीकी खराबी आने से रेल यातायात प्रभावित हुआ। मलोट के निकट ट्रेन का पावर (इंजन) फेल होने के कारण ट्रेन अपने निर्धारित समय से करीब डेढ़ घंटा देरी से अबोहर स्टेशन पहुंची। यह ट्रेन रोजाना सुबह 8:55 बजे अबोहर पहुंचती है, लेकिन मलोट के पास अचानक पावर फेल होने से यह पटरी पर खड़ी रह गई। रेलवे अधिकारी ललित कुमार के अनुसार, इंजन में तकनीकी खराबी की सूचना मिलते ही विभाग सक्रिय हुआ और तुरंत वैकल्पिक पावर इंजन की व्यवस्था की गई। काफी मशक्कत के बाद सुबह करीब 10:30 बजे ट्रेन अबोहर पहुंची। यात्रियों और छात्रों को झेलनी पड़ी भारी परेशानी ट्रेन लेट होने का सबसे बुरा असर उन छात्रों पर पड़ा जिनका आज अबोहर में पेपर था। समय पर सेंटर न पहुंच पाने के डर से विद्यार्थी परेशान दिखे। इसके अलावा, रोजाना ड्यूटी पर जाने वाले नौकरीपेशा लोग और व्यापारी भी घंटों स्टेशन पर फंसे रहे। स्थिति को देखते हुए कई यात्रियों ने मजबूरन निजी बसों का सहारा लिया, जिससे उनकी जेब पर अतिरिक्त बोझ पड़ा। सूचना के अभाव में यात्रियों में बढ़ा रोष स्टेशन पर मौजूद गौरव मुखीजा, हनी सिंह और अन्य यात्रियों ने रेलवे प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जाहिर की। उनका आरोप है कि ट्रेन लेट होने के बावजूद विभाग की ओर से न तो सही समय की जानकारी दी गई और न ही देरी का कारण बताया गया। यात्रियों का कहना है कि सूचना के अभाव में उनका कीमती समय बर्बाद हुआ और उन्हें भारी मानसिक परेशानी झेलनी पड़ी। इंजन में हुई थी खराबी, दूसरा इंजन भेजी रेलवे अधिकारियों का कहना है कि इंजन का फेल होना एक अचानक हुई तकनीकी खराबी थी। प्राथमिकता के आधार पर दूसरे इंजन का प्रबंध कर ट्रेन को रवाना किया गया ताकि यात्रियों को ज्यादा समय तक न रुकना पड़े। बठिंडा और मलोट से अबोहर आने वाली सवारियों को भी इस घटना के कारण विलंब का सामना करना पड़ा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *