अश्वनी शर्मा बोले-पंजाब सरकार ने लोकतंत्र का बनाया मजाक:AAP-कांग्रेस पर भड़के BJP के कार्यकारी प्रधान; कहा-चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता की कमी

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष अश्वनी शर्मा ने पठानकोट नगर निगम चुनाव की घोषणा के बाद सत्ताधारी आम आदमी पार्टी (AAP) और कांग्रेस की पूर्व सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता की कमी और शहर के विकास में हुए भ्रष्टाचार को मुख्य मुद्दा बनाया। अश्वनी शर्मा ने चुनाव आयोग और सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि चुनाव आयोग का नियम है कि चुनाव घोषणा से पहले वार्डों के रोटेशन (अनुसूचित जाति आरक्षित, जनरल, महिला आरक्षित) की जानकारी दी जानी चाहिए। लेकिन हमें इसकी कॉपी रात 8 बजे मिली, जबकि सत्ता पक्ष के पास यह जानकारी पहले से थी। सरकार को इतनी जल्दबाजी क्यों?
अश्वनी शर्मा ने कहा कि कल सुबह से नामांकन भरे जाने हैं और आज सुबह वोटर लिस्ट मिल रही है। चुनाव करवाने में सरकार को इतनी जल्दबाजी क्यों है। उन्होंने कहा कि सरकार चुनाव को उसी तरह ‘लूटना’ चाहती है जैसे ब्लॉक समिति और पंचायत चुनावों में गुंडागर्दी की गई थी। शहर की वार्डबंदी भी गलत की गई
अश्वनी शर्मा ने सरकार पर आरोप लगाते कहा कि जहां अनुसूचित जाति की आबादी अधिक है, उसे जनरल कर दिया गया और जहां जनरल आबादी ज्यादा है, उसे अनुसूचित जाति आरक्षित कर दिया गया। यह लोगों के चुनाव लड़ने के अधिकार पर डाका है। जिसे भाजपा कतई बर्दाशत नहीं करेगी। कांग्रेस और ‘आप’ के बीच ‘नूराकुश्ती’
भाजपा प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष अश्वनी ने शहर की बदहाली के लिए कांग्रेस और आम आदमी पार्टी दोनों को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और आप में नूराकुश्ती चल रही है। कांग्रेस के कार्यकाल में भारी भ्रष्टाचार हुआ। आप ने पठानकोट को गंदगी का ढेर बना दिया गया है। आज जो भी थोड़ा-बहुत काम दिख रहा है, वह सिर्फ दिखावा और कंसल्टेंट एजेंसियों के जरिए किया जा रहा भ्रष्टाचार है।
अश्वनी ने किया भाजपा की जीत का दावा
अश्वनी शर्मा ने विश्वास जताया कि जनता भाजपा के शासनकाल के विकास को याद कर रही है। उन्होंने कहा कि यह कोई राजनीतिक बयान नहीं, बल्कि जनता की नब्ज है। पठानकोट के लोग अपने विवेक का इस्तेमाल कर भाजपा को वापस लाने का मन बना चुके हैं।
चाहे सत्ता पक्ष कितने ही हथकंडे अपना ले, उनकी दाल गलने वाली नहीं है। उन्होंने स्पष्ट किया कि भाजपा हर वार्ड में चुनाव के लिए पूरी तरह तैयार है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *