आगरा में 28 केंद्रों पर होगी होमगार्ड भर्ती परीक्षा:तीन दिन में 75 हजार अभ्यर्थी आएंगे, पुलिस का रहेगा कड़ा पहरा

आगरा में तीन दिवसीय होमगार्ड भर्ती परीक्षा को लेकर पुलिस-प्रशासन ने तैयारी पूरी कर ली हैं। परीक्षा के लिए पुलिस अधिकारियों सहित 900 पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। आगरा में 28 केंद्रों पर दो पालियों में परीक्षा होगी। तीन दिन में करीब 80 हजार परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल होंगे। गुरुवार को डीएम मनीष बंसल और एडिशनल सीपी रामबदन सिंह ने परीक्षा केंद्र का निरीक्षण किया। डीसीपी सैयद अली अब्बास ने बताया कि परीक्षा के लिए 28 केंद्र बनाए गए हैं। एसीपी अपने क्षेत्रों में भ्रमणशील रहकर परीक्षा केंद्रों का समय-समय पर निरीक्षण करेंगे। इसके साथ ही प्रत्येक केंद्र पर दो इंस्पेक्टर प्रभारी के रूप में मौजूद रहे। एक इंस्पेक्टर सेंटर के आउटर का प्रभारी होगा। जो टीम के साथ सेंटर के बाहर की कानून व्यवस्था को संभालेंगे। एक इंस्पेक्टर सेंटर के अंदर टीम के साथ मौजूद रहकर सुरक्षा व्यवस्था की कमान संभालेंगे। उन्होंने बताया कि तीन दिनों में बाहर से 75 हजार लोगों के आगरा आने का अनुमान है। हर पाली में 12528 अभ्यर्थी आएंगे। इसको लेकर शहर में भी अतिरिक्त सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। रेलवे स्टेशन, बस स्टैंडों पर भी पुलिस फोर्स तैनात रहेगा। सीसीसीटी कैमरों से मानीटरिंग सेल निगरानी करेगी। रैटिना स्कैन किया जाएगा
सीसीटीवी का कंट्रोल रूम भी होगा। नोडल कंट्रोल रूम पुलिस लाइन में बनेगा। हर परीक्षा की फीडिंग लखनऊ मुख्यालय भेजी जाएगी। सीसीटीवी कैमरों से हर कक्ष पर नजर होगी। गेट पर चेकिंग के बाद अभ्यर्थियों की बायोमेट्रिक जांच होगी। इसमें आंखों का रेटिना भी स्कैन किया जाएगा। इसके बाद परीक्षा कक्ष में कक्ष निरीक्षक प्रवेश पत्र और अन्य दस्तावेज चेक करेंगे। किसी तरह की गड़बड़ी होने पर संबंधित अधिकारियों को जानकारी दी जाएगी।

पुराने मामलों की डिटेल खंगाल रही पुलिस
आगरा में पूर्व में परीक्षाओं के दौरान सॉल्वर गैंग पकड़े जा चुके हैं। आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। डीसीपी सिटी सैयद अली अब्बास ने बताया कि पुराने मामलों की डिटेल खंगाली जा रही है। यह देखा जा रहा है कि आरोपी कहां हैं? वे फिर से अपराध में शामिल तो नहीं हो गए। केंद्रों की सुरक्षा व्यवस्था के अलावा भी सॉल्वर गिरोह को पकड़ने के लिए अलग से टीम को लगाया गया है। परीक्षा केंद्रों के आसपास सादा कपड़ों में पुलिस की नजर रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *