इंस्टा से प्यार, लड़की ने मिलने बुलाया, अपहरण किया:बॉयफ्रेंड के साथ मिलकर 6 लाख की फिरौती मांगी; 6 घंटे में कैसे बरामद हुआ लड़का

नालंदा पुलिस ने 6 घंटे के भीतर ही किडनैपिंग केस का खुलासा कर दिया। पुलिस ने अपहृत युवक को सकुशल बरामद करने के साथ साथ साजिश करने वाली युवती को भी गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बताया कि इंस्टाग्राम के जरिए अपहृत युवक और गिरफ्तार युवती की दोस्ती हुई। युवती ने पैसे की लालच में उसे प्रेम जाल में फंसाया। इसके बाद मिलने के लिए बुलाया, फिर युवती अपने बॉयफ्रेंड राजा और दोस्तों के साथ मिलकर उसका किडनैप किया। अब सिलसिलेवार तरीके से जानिए पूरा घटनाक्रम फोन कर मांगी 6 लाख की फिरौती राजगीर DSP सुनील कुमार सिंह ने बताया, 29 अप्रैल की रात करीब 10:00 बजे पावापुरी थाने को सूचना मिली कि चोर्सुआ मोड़ के पास से विक्रम कुमार (22) का अपहरण कर लिया गया है। विक्रम के पिता सागर रविदास को किडनैपर्स ने 11 बजे फोन किया और 6 लाख रुपए फिरौती मांगी थी। घटना की सूचना मिलने के बाद तत्काल अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। इसके बाद नंबर से कॉल आया था, उसको ट्रेस किया गया। लोकेशन पंचाने नदी के पास का मिला। पुलिस लोकेशन पर पहुंची, लेकिन अपराधी भाग निकले थे। हालांकि, अपराधी लगातार फोन कर फिरौती की मांग करते रहे थे। फ्लाई ओवर के पास युवक को छोड़ा पुलिस की टीम अगवा युवक के पिता का पीछा करते हुए उस जगह पर पहुंची, जहां किडनैपर्स ने बुलाया था। पुलिस की बढ़ती दबिश को देखते हुए घबराए अपराधी विक्रम कुमार को पावापुरी फ्लाई ओवर के पास छोड़कर भाग निकले। विक्रम से पूछताछ की तो प्रेम प्रसंग में किडनैप का खुलासा हुआ। कड़ाई से पूछताछ में कबूला जुर्म विक्रम ने बताया कि इंस्टाग्राम के जरिए चोरसुआ की रहने वाली संध्या कुमारी से बातचीत करता था। किडनैप की साजिश उसी ने रची है। इसके बाद पुलिस ने संध्या कुमारी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में उसने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया है। वहीं, संध्या ने बताया कि मेरे बॉयफ्रेंड राजा गोप, सोनू उर्फ नटु के साथ मिलकर इस साजिश को रचा था। पैसों के लिए उसे अपने प्रेम जाल में फंसाया था। गिरफ्तारी के लिए की जा रही छापेमारी DSP ने बताया कि पूछताछ के बाद संध्या को जेल भेज दिया गया है। इसके साथ ही राजा गोप और उसके सहयोगियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *