उम्मरपुर में टॉर्च विवाद में तीन भाईयों पर हमला:युवक ने चाकू से किया वार, पुलिस जांच में जुटी

नवाबगंज थाना क्षेत्र के उम्मरपुर गांव में टॉर्च छीनने को लेकर हुए मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। इस घटना में एक युवक ने चाकू से हमला कर तीन सगे भाइयों को गंभीर रूप से घायल कर दिया। सभी घायलों को इलाज और मेडिकल परीक्षण के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) में भर्ती कराया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। जानकारी के अनुसार, यह विवाद उम्मरपुर गांव निवासी दिलीप कुमार के पुत्र राज उर्फ नन्नू और गांव के ही एक अन्य युवक के बीच टॉर्च छीनने को लेकर शुरू हुआ था। बहस जल्द ही बढ़ गई। विवाद बढ़ने पर आरोपी युवक ने चाकू से राज उर्फ नन्नू पर हमला कर दिया। बीच-बचाव करने आए राज के दो अन्य भाई अनुराग और आलोक भी इस हमले की चपेट में आ गए। चाकूबाजी की इस घटना में कुल तीन लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिनमें अनुराग, आलोक और मोनू शामिल हैं। घटना के बाद चीख-पुकार सुनकर मौके पर पहुंचे परिजन लहूलुहान हालत में तीनों घायलों को लेकर तुरंत नवाबगंज थाने पहुंचे। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए घायलों को तत्काल उपचार और चिकित्सीय परीक्षण के लिए नगर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा। थाना प्रभारी निरीक्षक राजीव कुमार ने बताया, “टॉर्च को लेकर हुए विवाद में चाकूबाजी की सूचना मिली है। घायलों को मेडिकल और इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया गया है। मामले की गहनता से जांच की जा रही है और तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *