‘उम्र में बड़े व्यक्ति से रिलेशनशिप में आई गर्लफ्रेंड’:गुरुग्राम में इसी बात पर लिवइन पार्टनर ने थाने के बाहर जान दी; आखिरी VIDEO में बोला-हर खर्च उठाया

हरियाणा के गुरुग्राम में थाने के बाहर पेट्रोल छिड़कने के मामले में एक नया खुलासा हुआ है। युवक के परिवार का कहना है कि वह 3 साल से रिलेशनशिप में था और गर्लफ्रेंड के साथ लिव-इन में रहता था। युवती अचानक दूसरी जगह कमरा किराए पर लेकर रहने लगी थी। बाद में युवक को पता चला कि गर्लफ्रेंड किसी और व्यक्ति के साथ रिलेशन में है, जो उससे उम्र में काफी बड़ा है। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ। 15 अप्रैल को युवक ने गर्लफ्रेंड को साथ चलने के लिए कहा और उसका सामान अपनी कार में रख लिया, जिसके बाद गर्लफ्रेंड ने पुलिस बुला ली और चोरी के आरोप लगाए। युवक को थाने बुलाया गया और बाहर ही उसने खुद पर पेट्रोल छिड़क लिया। 16 अप्रैल की रात को युवक ने दिल्ली AIIMS में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। 17 अप्रैल को दिल्ली AIIMS में युवक के शव का पोस्टमॉर्टम हुआ। सुसाइड से पहले युवक ने आखिरी वीडियो रिकॉर्ड कर अपनी बहन को भेज दिया। इसमें उसने बताया कि 3 साल रखा, हर खर्च उठाया, लेकिन गर्लफ्रेंड ने धोखा किया। इसके बाद युवक की बहन ने गुरुग्राम सेक्टर-40 पुलिस थाने में युवती के खिलाफ शिकायत दी। हालांकि, पुलिस ने अभी उसे नामजद नहीं किया है। अब जानिए अंकित के परिवार ने क्या बताया…. 3 साल पहले हुई थी मुलाकात अंकित यादव (24) मूल रूप से उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले के सीतापुर गांव का रहने वाला था और टैक्सी चलाता था। उसके पिता महेश की काफी साल पहले मौत हो चुकी है। वह घर में अकेला कमाने वाला था। उसकी गर्लफ्रेंड भी फतेहपुर की ही रहने वाली है। परिवार ने बताया कि 3 साल पहले एक कॉमन फ्रेंड ने अंकित की उस युवती से बातचीत शुरू कराई थी, जिसके बाद मुलाकातों का सिलसिला शुरू हो गया। रूम बदलने को लेकर हुई बहस परिवार के मुताबिक, अंकित गुरुग्राम आ गया और बाद में गर्लफ्रेंड ने भी गुरुग्राम में नौकरी तलाश ली। दोनों ने कमरा किराए पर लेकर लिव-इन में रहना शुरू कर दिया। अंकित का अपनी टूर एंड ट्रैवल कंपनी के काम से चंडीगढ़ आना-जाना शुरू हो गया। 3 महीने पहले गर्लफ्रेंड ने अपना कमरा सेक्टर-31 में शिफ्ट कर लिया, जिसको लेकर अंकित की उससे बहस हुई। दूसरे से रिलेशनशिप का पता चला रूम शिफ्ट करते ही दोनों के बीच तनाव बढ़ गया। 20 दिन पहले अंकित को पता चला कि गर्लफ्रेंड किसी और के साथ रिश्ते में है, जो उम्र में उससे काफी बड़ा है। जब अंकित ने उससे बात की, तो गर्लफ्रेंड ने ब्रेकअप करने को कह दिया और कहा कि वह अपनी मर्जी से रहना चाहती है। कार में सामान रखने को लेकर बहस हुई 15 अप्रैल को अंकित गुरुग्राम आ गया और गर्लफ्रेंड को चंडीगढ़ साथ चलने को कहा, लेकिन गर्लफ्रेंड ने मना कर दिया। इसके बाद अंकित ने उसका लैपटॉप और सामान उठाया और अपनी कार में रख लिया। दोनों के बीच खूब बहस हुई, तो गर्लफ्रेंड ने पुलिस को कॉल कर दिया। वह खुद भी लिखित शिकायत देने सेक्टर 40 थाने में आई। अंकित ने सुसाइड करने की ठान ली और वह बोतल में 2 लीटर पेट्रोल और नशे की गोलियां लेकर आया। बहन को ऑडियो-वीडियो भेजे
अंकित की बहन दीपा यादव 5 साल से तमिलनाडु में रह रही है। अंकित ने गर्लफ्रेंड की सभी बातें उसे बता रखी थी। घटना से पहले भी उसने बहन दीपा यादव को सारे ऑडियो और वीडियो भेजे थे। दीपा अपने भाई को समझाना चाहती थी। उसने कई बार कॉल भी की, लेकिन अंकित ने कॉल नहीं उठाया। कुछ देर बाद दीपा के पास पुलिस का कॉल गया और बताया गया कि अंकित ने पेट्रोल छिड़ककर खुद को आग लगा ली। इसके बाद उसके चाचा और वह गुरुग्राम पहुंची। रूम से थाने तक की CCTV चेक की जाए
दीपा यादव ने सेक्टर-40 थाने में शिकायत देकर कहा है कि पुलिस सभी ऑडियो और वीडियो की गहनता से जांच करे। साथ ही अंकित की गर्लफ्रेंड के रूम से लेकर थाने के बाहर तक के सारे CCTV चेक करवाए जाएं। उसके भाई की मौत के जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए। पेट्रोल छिड़कने से पहले बोला- 3 साल अपने पास रखा खुद को आग लगाने से पहले अंकित ने एक वीडियो भी रिकॉर्ड किया था। उसने कहा कि, “मैं उस स्टेज पर खड़ा हूं, जहां मेरे पिता नहीं हैं और घरवाले दूर हैं। मैंने कभी शराब नहीं पी, लेकिन आज पी रहा हूं। आज मेरा आखिरी दिन है, मैं मरूंगा।” उसने एक डिस्पोजल गिलास में कुछ दवाइयां दिखाते हुए कहा, “मैं ये खाऊंगा, फिर मुझे नहीं पता क्या होगा। मुझे बस नशे के चढ़ने का इंतजार है, क्योंकि मैं मरना चाहता हूं। मैं दो लीटर पेट्रोल लेकर आया हूं और अपनी जान दूंगा, यहीं आग लगाऊंगा, क्योंकि मुझे फंसाया जा रहा है। उसने वह कहती है कि उसने उसका पैसा ले रखा है, जबकि मैंने उसे तीन साल अपने पास रखा, उसकी देख-रेख की और खर्चा उठाया। बेटा, आपसे यह उम्मीद नहीं थी। ———————
ये खबर भी पढ़ें… गुरुग्राम में थाने के बाहर सुसाइड से पहले VIDEO बनाया:युवक के गर्लफ्रेंड पर धोखा देने के आरोप, बोला- बेटा आपसे ये उम्मीद नहीं थी गुरुग्राम में सेक्टर-40 पुलिस थाने के बाहर बुधवार रात को पेट्रोल छिड़ककर सुसाइड करने वाले युवक का वीडियो सामने आया है। खुद को आग लगाने से पहले अंकित ने कहा, “मैं उस स्टेज पर खड़ा हूं, जहां मेरे पिता नहीं हैं और घरवाले दूर हैं। मैंने कभी शराब नहीं पी, लेकिन आज पी रहा हूं। आज मेरा आखिरी दिन है, मैं मरूंगा।” (पूरी खबर पढ़ें)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *