एस्कॉर्ट गाड़ी से टकराई महिला आयोग की अध्यक्ष की कार:बाइक सवार को बचाने में हादसा, युवक की मौत; केस की सुनवाई कर के लौट रही थीं

हाजीपुर-मुजफ्फरपुर नेशनल हाई-वे पर शुक्रवार को बिहार राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष अप्सरा मिश्रा का एक्सीडेंट हो गया। उन्हें कंधे पर चोट आई है। ड्राइवर भी घायल है। बताया जा रहा है कि बाइक को बचाने के चक्कर में अप्सरा मिश्रा के आगे चल रही एस्कॉर्ट गाड़ी ने अचानक ब्रेक लगाया। ठीक पीछे चल रही अप्सरा की गाड़ी स्कॉर्ट गाड़ी में टकरा गई। इसी दौरान बाइक सवार और एक साइकिल सवार के बीच भी टक्कर हो गई। इसमें एक युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान मेरठ के त्रिलोकी मौर्य के बेटे सुरेश मौर्य के रूप में हुई है। सुरेश हाजीपुर के दिग्गी पचकुरवा में किराए के मकान में रहता था और रामाशीष चौक स्थित एक गैरेज में मैकेनिक का काम करता था। हादसा महुआ मोड़ के पास हुआ। अब सिलसिलेवार तरीके से जानिए पूरा घटनाक्रम बेगूसराय से केस की सुनवाई कर के लौट रही थीं हादसे के वक्त गाड़ी में अप्सरा मिश्रा के साथ उनके पति डॉ. रणधीर भी मौजूद थे। उन्होंने भास्कर को बताया, एक केस की सुनवाई के लिए वो बेगूसराय गई थीं। वहां से पीड़िता के पति को लेकर मुजफ्फरपुर पीड़िता के मायके गई थीं। मामला सुलझाकर वापस पटना लौट रही थीं। तभी शाम को करीब 7:30 बजे हाजीपुर में उनका एक्सीडेंट हो गया। उनकी एस्कॉर्ट के आगे एक बाइक सवार काफी स्पीड में था। डिवाइडर से टकराकर उसका एक्सीडेंट हो गया। पीछे उनकी गाड़ी थी। सभी गाड़ियां काफी स्पीड में होने के कारण उनकी गाड़ी अपनी एस्कॉर्ट की गाड़ी से टकरा गई। उन्हें कंधे और बाजू में हल्की छोटे आई हैं। तब गाड़ी में 4 लोग सवार थे। उनके गार्ड को छाती में चोट आई है। हादसे के बाद भी नहीं रुका काफिला स्थानीय लोगों के अनुसार, महुआ की तरफ से आ रही महिला आयोग की अध्यक्ष के काफिले की एस्कॉर्ट गाड़ी ने पहले कई बाइक में टक्कर मारी, जिससे वे सड़क पर गिर गए। इसके बाद एस्कॉर्ट ने साइकिल सवार सुरेश मौर्य को भी अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर मारने के बावजूद, न तो एस्कॉर्ट गाड़ी रुकी और न ही काफिले का कोई अन्य वाहन। सभी गाड़ियां तेज रफ्तार से पटना की ओर निकल गईं। घटना के बाद बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए। घायलों को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने सुरेश मौर्य को मृत घोषित कर दिया। यातायात थाना पुलिस मौके पर पहुंची सूचना मिलते ही सदर थाना और यातायात थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने आवश्यक कागजी कार्रवाई के बाद शव का पोस्टमॉर्टम सदर अस्पताल में कराया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *