लुधियाना शहर में अब लुटेरे सिर्फ जेब नहीं काट रहे, बल्कि हथियारों की नोक पर सीधे बैंक खाते खाली कर रहे हैं। ताज़ा मामला दरेसी थाना इलाके का है जहां एक ऑटो में सवार 7 लोगों की सांसें उस वक्त हलक में अटक गईं, जब ऑटो ड्राइवर और उसके साथियों ने मौत का खौफ दिखाकर उन्हें बंधक बना लिया। यह घटना 16 मई की सुबह करीब 4:45 बजे की है। ग्रेटर नोएडा (गौतम बुद्ध नगर) की एक नामी कंपनी में काम करने वाले दिलीप कुमार मोरिया अपनी बहन से मिलने लुधियाना आए थे। स्टेशन से उतरकर वो अपनी मंजिल तक पहुंचने के लिए एक ऑटो में बैठे। उस ऑटो में पहले से ही कुछ और सवारियां मौजूद थीं। अचानक ऑटो चालक के 2 साथियों ने अपना असली रंग दिखाया। उन्होंने अचानक एक धारदार हथियार (दातर) निकाल लिया और ऑटो में बैठी सभी 7 सवारियों पर तान दिया हथियार देखते ही ऑटो में चीख-पुकार मच गई लेकिन लुटेरों ने मौत का डर दिखाकर सबको चुप करा दिया। हथियार की नोक पर ‘हाई-टेक’ लूट लुटेरों ने पहले बाकी सवारियों से नकदी और कीमती सामान छीना। इसके बाद उनकी नज़र ग्रेटर नोएडा से आए दिलीप पर पड़ी। उन्होंने झपट्टा मारकर दिलीप का मोबाइल फोन छीन लिया।
इसके बाद जो हुआ वो आजकल के लुटेरों का नया हाई-टेक तरीका है। लुटेरों ने हथियार गर्दन पर रखकर दिलीप को डराया और जबरन उसके फोन से 4 अलग-अलग ट्रांजेक्शन के जरिए कुल 58,300 रुपये गगन पीर नाम के एक शख्स के बैंक खाते में ट्रांसफर करवा लिए! सड़क पर फेंक कर हुए फरार खाता खाली करने और सवारियों को लूटने के बाद, इन बेखौफ बदमाशों ने दिलीप को बस्ती जोधेवाल के बॉम्बे टायर इलाके के पास ऑटो से धक्के मारकर उतार दिया और अंधेरे का फायदा उठाते हुए फरार हो गए। पुलिस एक्शन में, तलाश जारी इस सनसनीखेज वारदात के बाद पीड़ित ने दरेसी थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने गगन पीर (लुधियाना वासी) और 2 अज्ञात बदमाशों के खिलाफ BNS की धारा 304-3(5) के तहत FIR दर्ज कर ली है। इस मामले की जांच ASI हरपाल सिंह कर रहे हैं।