ओवर स्पीड ऑटो सवार ने मारी फॉरच्यूनर को टक्कर, ट्रैफिक जाम

भास्कर न्यूज | जालंधर एपीजे कॉलेज के सामने फ्लाईओवर पर फॉरच्यूनर गाड़ी और ऑटो के बीच जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि हादसा होते ही फ्लाईओवर पर वाहनों की रफ्तार थम गई। गनीमत यह रही कि इस हादसे में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ, लेकिन दोनों वाहनों को काफी नुकसान पहुंचा है। हादसे के तुरंत बाद फ्लाईओवर पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। इस दुर्घटना की वजह से गुरुनानक पुरा से लेकर बीएमसी चौक तक का पूरा रूट ठप हो गया। करीब एक घंटे तक लोग रेंगते ट्रैफिक और भयंकर जाम में फंसे रहे। दोपहर की चिलचिलाती धूप और भीषण गर्मी के कारण जाम में फंसे वाहन चालकों, महिलाओं और बच्चों का बुरा हाल हो गया। कई लोग गर्मी से बेहाल होकर सड़क किनारे छांव तलाशते नजर आए। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और ट्रैफिक मुलाजिम मौके पर पहुंचे। पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को क्रेन की मदद से सड़क के बीच से हटवाया और करीब एक घंटे के कड़े प्रयास के बाद यातायात को दोबारा सुचारू रूप से बहाल करवाया जा सका।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *