कपूरथला सेंट्रल जेल में देर रात बवाल:मशालें लेकर कैदी छतों पर चढ़े, आग लगाई; VIDEO में कह रहे- प्रशासन ने हम पर फायरिंग की

पंजाब के कपूरथला स्थित केंद्रीय जेल में शनिवार देर रात अचानक माहौल तनावपूर्ण हो गया। जेल के अंदर हवालातियों के 2 गुटों के बीच हुए झगड़ा हुआ, जो देखते ही देखते हिंसक हो गया। इसमें 3 कैदी घायल हो गए। बताया जा रहा है कि कुछ कैदी बैरक बदलने को लेकर उलझ गए। इसके बाद हवालातियों ने जेल में कई जगह आग लगा दी। वे मशालें लेकर छतों पर चढ़ गए। इस घटना के कुछ वीडियो भी सामने आए हैं, जो कैदियों ने ही शूट किए हैं। इनमें कैदी बता रहे हैं कि जेल प्रशासन ने उन पर गोलियां भी चलाई हैं, जिससे कुछ कैदी घायल हुए हैं। इस घटना पर फिलहाल पुलिस अधिकारी कुछ भी बोलने को तैयार नहीं हैं। हालांकि, एक सीनियर अधिकारी ने इतना जरूर बताया है कि कोई जेल ब्रेक नहीं हुई है। आज दोपहर को SSP प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पूरी जानकारी देंगे। कैदियों ने जेल प्रशासन पर आरोप लगाए झगड़ा बैरक नंबर-4 में शुरू हुआ था। बताया जा रहा है कि हवालातियों ने बैरक बदलने की बात कही थी, जिसे जेल प्रशासन ने नहीं माना। हवालातियों का आरोप था कि जेल प्रशासन उन्हें बेवजह तंग कर रहा है। इसी को लेकर कैदियों में ही झड़प हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि कुछ कैदियों ने जेल परिसर के अंदर आगजनी कर दी। घटना के बाद जेल प्रशासन और पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही भारी पुलिस फोर्स मौके पर पहुंचा। अधिकारियों ने तुरंत हालात पर काबू पाने के लिए कार्रवाई शुरू की। काफी मशक्कत के बाद स्थिति को नियंत्रित कर लिया गया। फिलहाल, जेल परिसर में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, इस झड़प के दौरान कुछ हवाई फायर भी किए गए हैं। सोशल मीडिया पर वायरल हुए जेल के वीडियो घटना के कुछ वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं, जिसमें कैदी जेल का पूरा माहौल दिखा रहे हैं। कुछ कैदी जेल प्रशासन पर आरोप लगा रहे हैं कि उन पर गोलियां चलाई गई हैं। इस दौरान एक कैदी के पैर में गोली लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हुआ है। वीडियो में हवालातियों के बीच हंगामा और अफरा-तफरी का माहौल दिखाई दे रहा है। वीडियो वायरल होने के बाद लोगों में भी चर्चा तेज हो गई है कि जहां एक तरफ जेल में अधिकारियों को भी फोन इस्तेमाल करने की इजाजत नहीं होती, वहां कैदियों के पास मोबाइल कहां से आए? सीनियर अधिकारी बोले- जेल ब्रेक नहीं हुई जेल प्रशासन के अधिकारी फिलहाल इस मामले में आधिकारिक तौर पर कोई बयान नहीं दे रहे हैं। हालांकि, एक सीनियर अधिकारी अनाधिकारिक रूप से बताया है कि यह कोई जेल ब्रेक या फरारी की घटना नहीं है। 2 हवालातियों के गुटों के बीच आपसी विवाद हुआ था, जिसके बाद झड़प और आगजनी की घटना सामने आई। फिलहाल, पुलिस और जेल प्रशासन पूरे मामले की जांच कर रहा है। यह पता लगाया जा रहा है कि झगड़ा किस वजह से शुरू हुआ और आगजनी में किन-किन हवालातियों की भूमिका रही? इसे लेकर जल्द खुलासा किया जाएगा। SMO बोलीं- 2 कैदी आए, दोनों को रेफर किया कपूरथला सिविल अस्पताल की सीनियर मेडिकल ऑफिसर (SMO) डॉ. परमिंदर कौर ने बताया है कि उनके पास 2 हवालातिओ को देर रात सिविल अस्पताल में भर्ती किया गया था। उनमें से एक को सिर पर गहरी चोट थी। वहीं, दूसरे का पैर जख्मी था। उनकी स्थिति देखते हुए उन्हें अमृतसर के मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया है। घायलों की पहचान कश्मीर सिंह के बेटे गुरप्रीत सिंह और जसवंत सिंह के बेटे दिलप्रीत सिंह के रूप में हुई है। वहीं, कथित रूप से तीसरे घायल की कोई जानकारी नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *