करनाल शहर में बिजली निगम की महिला क्लर्क की हत्या के मामले में घायल शूटर को अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद पुलिस ने सोमवार देर शाम को औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर लिया है। अब आरोपी को आज कोर्ट में पेश किया जाएगा, जहां से उसे रिमांड पर लिया जाएगा। पुलिस रिमांड के दौरान आरोपी से गहन पूछताछ करेगी, जिससे यह साफ हो सकेगा कि हत्या किसके कहने पर और किन कारणों से की गई। सीआईए इंचार्ज संदीप कुमार ने बताया कि आरोपी शूटर के खुलासे के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। जांच में जो भी नाम सामने आएंगे, उन सभी को गिरफ्तार किया जाएगा। फिलहाल पुलिस इस मामले को पूरी तरह सुलझाने के लिए हर पहलू पर काम कर रही है। 15 मई को दिनदहाड़े हुई थी वारदात करनाल के सेक्टर-9 निवासी डिंपल अरोड़ा की 15 मई को दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। वह रोज की तरह अपने ऑफिस से दोपहर में खाना खाने घर आई थी। जैसे ही वह घर के बाहर अपनी स्कूटी लॉक कर रही थीं, तभी हेलमेट पहने एक युवक बाइक पर आया और उनके सिर में गोली मार दी। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। परिवार में मचा कोहराम डिंपल अरोड़ा के परिवार में उनके पति विमल अरोड़ा, दो बेटियां दीया और गुनगुन तथा एक बेटा देवांश है। दीया कनाडा में रहती है। घटना के बाद परिवार ने बताया था कि उनकी किसी से कोई निजी दुश्मनी नहीं थी, जिससे यह वारदात और भी चौंकाने वाली बन गई। पार्किंग विवाद से जुड़ा मामला सूत्रों के अनुसार इस हत्याकांड की जड़ एक पुराना पार्किंग विवाद हो सकता है। डिंपल अरोड़ा के पड़ोसी इंद्रपाल ने अपने घर के बाहर पिल्लर लगवा दिए थे, ताकि वहां कोई वाहन पार्क न कर सके। इस पर डिंपल के परिवार ने आपत्ति जताई और कहा कि सरकारी जगह पर इस तरह कब्जा नहीं किया जा सकता। 200 से ज्यादा शिकायतों ने बढ़ाया विवाद यह विवाद धीरे-धीरे बढ़ता गया और दोनों परिवारों के बीच अलग-अलग विभागों में करीब 200 शिकायतें दी गईं। इन शिकायतों में पुलिस, हुड्डा विभाग, डीसी और एसपी कार्यालय के साथ-साथ सीएम विंडो तक मामला पहुंचा, लेकिन कोई स्थायी समाधान नहीं निकल सका। पिता की मौत के बाद गहराई रंजिश इसी बीच इंद्रपाल की हार्ट अटैक से मौत हो गई। सूत्रों के मुताबिक इंद्रपाल के बेटे विकास उर्फ विक्की मेहला ने अपने पिता की मौत के लिए डिंपल अरोड़ा को जिम्मेदार मान लिया। इसी सोच के चलते उसने बदला लेने की योजना बनाई और हत्या की साजिश रची। सूत्र की मानें विकास मेहला का संपर्क कुरुक्षेत्र के गांव सलेमपुर निवासी शूटर विकास उर्फ संजू से हुआ। इसके बाद संजू बैंकॉक पहुंचा, जहां दोनों की मुलाकात हुई। वहीं हत्या की पूरी योजना तैयार की गई। रेकी के बाद दिया वारदात को अंजाम भारत लौटने के बाद शूटर ने कई बार डिंपल अरोड़ा के घर की रेकी की। उसने उनके आने-जाने का समय नोट किया और सही मौके का इंतजार किया। 15 मई को वह करीब एक घंटे पहले इलाके में घूमता रहा और मौका मिलते ही वारदात को अंजाम दे दिया। पुरानी बाइक से पहुंचा था शूटर सूत्रों के अनुसार वारदात को अंजाम देने के लिए विकास मेहला ने ही शूटर संजू को एक पुरानी बाइक दिलवाई थी, ताकि वह आसानी से फरार हो सके और पहचान से बच सके। पुलिस इस एंगल की भी गहराई से जांच कर रही है। 17 मई को मुठभेड़ में पकड़ा आरोपी घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। 17 मई की रात मुठभेड़ के दौरान आरोपी विकास उर्फ संजू को गिरफ्तार किया गया। वह कुरुक्षेत्र के लाडवा क्षेत्र के गांव सलेमपुर का रहने वाला है। पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी पहले भी हत्या के मामले में 20 साल की सजा काट चुका है। जमानत पर बाहर आने के बाद वह फरार हो गया था। बताया जा रहा है कि वह हाल ही में थाईलैंड से भारत लौटा था और लौटते ही इस वारदात को अंजाम दिया।