करनाल के घरौंडा में नेशनल हाईवे पर एक हादसे में सीएनजी ऑटो में अचानक आग लगने के बाद ड्राइवर की जान चली गई। आग लगने पर ड्राइवर ऑटो से उतरने की कोशिश कर रहा था, तभी पीछे से आ रहे तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और कार्रवाई शुरू की। अचानक आग लगने से मची अफरा-तफरी सोमवार की रात करीब 10 बजे तन्ना राइस मिल के नजदीक यह हादसा हुआ। घरौंडा निवासी 34 वर्षीय नवीन सीएनजी ऑटो चला रहा था। अचानक ऑटो में आग लग गई। आग लगते ही उसने ऑटो को साइड में लगाने की कोशिश की। हालात बिगड़ते देख वह ऑटो से उतरने लगा, लेकिन इसी दौरान पीछे से आ रहे तेज रफ्तार वाहन ने ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद गंभीर रूप से घायल हुआ चालक टक्कर लगने से नवीन बुरी तरह घायल हो गया। आसपास के लोगों ने तुरंत उसे अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद ऑटो पूरी तरह जलकर खाक हो गया। परिजनों को सौंपा गया शव मृतक के चचेरे भाई अनमोल ने बताया कि हादसा अचानक हुआ और नवीन को संभलने का मौका भी नहीं मिला। सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी हाउस भिजवाया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस कर रही मामले की जांच जांच अधिकारी प्रवीन ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को दे दिया गया है। अज्ञात वाहन की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं और पूरे मामले की जांच जारी है।