करनाल जिले के गांव गढ़ी बीरबल में पुरानी रंजिश के चलते एक किसान के खेत में घुसकर गेहूं की फसल को नुकसान पहुंचाने और जान से मारने की कोशिश का मामला सामने आया है। आरोप है कि ट्रैक्टर से फसल उजाड़ने की कोशिश की गई और विरोध करने पर किसान को कुचलने का प्रयास किया गया। शोर मचाने पर आरोपी मौके से फरार हो गए। पीड़ित ने मामले की शिकायत पुलिस को दी है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुरानी रंजिश के चलते खेत में पहुंचे आरोपी गढ़ी बीरबल निवासी अमर सिंह पुत्र श्याम सिंह ने बताया कि उसका गांव के ही रामपाल पुत्र मंगत राम के साथ पहले से विवाद चल रहा है। इस मामले को लेकर अदालत में केस भी चल रहा है, जिसके चलते आरोपी उससे रंजिश रखता है। ट्रैक्टर-हैरो से फसल खराब करने की कोशिश अमर सिंह के अनुसार 17 अप्रैल को रामपाल ट्रैक्टर-हैरो लेकर 5-6 अन्य व्यक्तियों के साथ उसके खेत में पहुंचा। आरोप है कि सभी ने मिलकर गेहूं की खड़ी फसल को ट्रैक्टर-हैरो से उजाड़ने की कोशिश शुरू कर दी, जिससे खेत में काफी नुकसान हुआ। किसान को कुचलने का प्रयास पीड़ित ने बताया कि जब वह दूर से भागकर अपने खेत में पहुंचा तो रामपाल ने ट्रैक्टर-हैरो उसके ऊपर चढ़ाने की कोशिश की। उसने किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई और शोर मचा दिया। इसके बाद आरोपी कुछ समय तक फसल को नुकसान पहुंचाते रहे। धमकी देकर फरार हुए आरोपी अमर सिंह का कहना है कि जाते समय रामपाल और उसके साथ आए अन्य लोगों ने उसे जान से मारने और फसल उजाड़ने की धमकी दी। पीड़ित ने बताया कि उसे अपनी जान-माल का खतरा बना हुआ है और उसने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने दर्ज किया केस, जांच शुरू थाना इन्द्री में एसआई राजा राम को मामले की जांच सौंपी गई है। पुलिस का कहना है कि अमर सिंह की शिकायत पर रामपाल पुत्र मंगत राम निवासी गढ़ी बीरबल व अन्य 5-6 व्यक्तियों के खिलाफ बीती रात मामला दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच जारी है।