करनाल जिले के घरौंडा क्षेत्र के गांव बलहेड़ा में बाइक धोने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद हिंसक झगड़े में बदल गया। आरोप है कि पड़ोसियों ने लाठी-डंडों, गड़ासी और तलवारों से हमला कर दिया, जिसमें परिवार की दो महिलाओं समेत चार लोग घायल हो गए। घायलों को घरौंडा के सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां से अधिक रक्त बहने के कारण एक महिला को करनाल रेफर कर दिया गया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर नौ आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बाइक धोते समय शुरू हुआ विवाद गांव बलहेड़ा निवासी फरमान अली ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसका बेटा हुसेन घर के बाहर अपनी बाइक धो रहा था। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाले युवक ने उसके बेटे के साथ अभद्र भाषा का प्रयोग किया और झगड़ा शुरू कर दिया। फरमान अली का कहना है कि इससे पहले भी आरोपियों ने उनकी गाड़ी को नुकसान पहुंचाया था। 3 मार्च की शाम करीब 6:30 बजे आरोपी दोबारा उनके घर के पास पहुंचे और लाठी-डंडों, गड़ासी व तलवारों से हमला कर दिया। अचानक हुए इस हमले से परिवार में अफरा-तफरी मच गई। महिलाओं समेत चार लोग घायल शिकायत के अनुसार झगड़े के दौरान फरमान अली की माता मीना पत्नी मतलुब के हाथ पर लोहे की रॉड से हमला किया गया, जिससे उनकी हड्डी में चोट लगी। वहीं सहनाज पत्नी अमजद के साथ भी मारपीट की गई। आरोप है कि उसके निजी अंग पर लात मारने से उसे गंभीर चोट लगी और खून बहने लगा, जिससे वह बेहोश हो गई। परिजनों ने सहनाज को तुरंत घरौंडा के सरकारी अस्पताल पहुंचाया, लेकिन अधिक रक्तस्राव के कारण डॉक्टरों ने उसे करनाल रेफर कर दिया। इस झगड़े में फरमान अली और उसके भाई सलमान को भी चोटें आईं। पुलिस को दी शिकायत, मेडिकल रिपोर्ट सौंपी फरमान अली ने 4 मार्च को थाना घरौंडा पहुंचकर लिखित शिकायत दी। पुलिस ने 12 मार्च को गांव बलहेड़ा पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर मारपीट व धमकी देने का मामला पाया गया। शिकायत के आधार पर मंजूरा, मीरहसन, सालिम, सबदर, इस्ताख, सदाकत उर्फ सादा, सरवेज, जुलेखां, रकीबा, साहिमा और पुरी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस की जांच जारी जांच अधिकारी सत्यवान ने बताया कि 13 मार्च को आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने कहा कि मामले की जांच जारी है और सभी आरोपियों की भूमिका की जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।