सोनीपत में घर में घुसकर परिवार पर ईंट से वार:जमीनी विवाद, भाभी ने तोड़े ताले; झूठे केस में फंसाने की धमकी

सोनीपत जिले के खरखौदा क्षेत्र के गांव घरेलू विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जहां एक व्यक्ति के घर में जबरन घुसकर ताले तोड़ने, हमला करने और जान से मारने की धमकी देने का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़ित ने आरोप लगाया कि उसके परिवार की महिला ने घर में घुसकर न केवल तोड़फोड़ की, बल्कि उस पर और उसकी पत्नी पर ईंट से हमला किया। घटना के दौरान पीड़ित घायल हो गया, जबकि पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में भी कैद होने का दावा किया गया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पूजा के दौरान घर में घुसकर किया हमला पीड़ित ओम कुमार निवासी गांव पाई ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह फिलहाल बवाना (दिल्ली) में रहता है और वह अपने परिवार के साथ गांव आया था। सुबह करीब 9:10 बजे जब वह घर में पूजा-पाठ कर रहा था और उसकी पत्नी रसोई में थी, तभी उसके भाई की पत्नी पिंकी जबरदस्ती घर में घुस आई। आरोप है कि उसने आते ही ताले तोड़ने का प्रयास किया और ईंट से हमला कर दिया। आंख के पास लगी चोट, पत्नी पर भी हमला ओम कुमार ने बताया कि जब उसने और उसकी पत्नी ने आरोपी महिला को रोकने की कोशिश की, तो उसने ईंट से वार कर दिया, जिससे उसकी दाईं आंख के नीचे चोट लगी। वहीं उसकी पत्नी सविता पर भी ईंट से हमला किया गया। पीड़ित के अनुसार, आरोपी की मंशा आंख पर गंभीर चोट पहुंचाने की थी, लेकिन ईंट नीचे हिस्से में लगी। घटना की वीडियो रिकॉर्डिंग भी उनके पास मौजूद है। बार-बार झगड़े और साजिश के आरोप पीड़ित ने आरोप लगाया कि उसका भाई पुष्पेंद्र अपनी पत्नी को आगे कर बार-बार इस तरह की घटनाएं करवाता है। उन्होंने बताया कि आरोपी महिला अक्सर घर में घुसकर तोड़फोड़ करती है, गंदी हरकतें करती है और झूठे केस में फंसाने की धमकी देती है। परिवार का कहना है कि वे इन हरकतों से काफी समय से परेशान हैं और कई बार शिकायत भी कर चुके हैं। 112 पर कॉल कर बुलाई पुलिस घटना के दौरान ही पीड़ित ने कॉल कर पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की गई। घायल को मेडिकल के लिए अस्पताल भेजा गया, जहां उसकी आंख के पास चोट की पुष्टि हुई। एमएलआर में चोट की पुष्टि, केस दर्ज पुलिस के अनुसार, पीड़ित की एमएलआर रिपोर्ट में दाईं आंख के पास चोट दर्ज की गई है, जिसे कुंद वस्तु से लगी चोट बताया गया है। शिकायत और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 115(2), 333 और 351(3) के तहत केस दर्ज किया है। पुलिस जांच में जुटी, मौके पर टीम रवाना थाना खरखौदा में मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच अधिकारी टीम के साथ मौके पर रवाना हो गए हैं। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और सीसीटीवी फुटेज को भी सबूत के तौर पर खंगाला जाएगा। दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *