जिला कांगड़ा पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अपने अभियान में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने कुल्लू जिले के दो निवासियों को 4 किलो 40 ग्राम चरस के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से तस्करी में इस्तेमाल की जा रही दो कारें भी जब्त की गई हैं। जिला कांगड़ा पुलिस की विशेष टीम इलाके में गश्त कर रही थी। इसी दौरान टीम को बनूरी-पंचरुखी लिंक रोड पर श्मशान घाट के पास दो संदिग्ध गाड़ियों में चरस तस्करों के होने की पुख्ता सूचना मिली। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी। घटनास्थल पर एक ऑल्टो K-10 कार (नंबर HP01AA-0965) और एक अस्थायी नंबर वाली मारुति टूर कार खड़ी पाई गई। दोनों के खिलाफ केस दर्ज पुलिस ने ऑल्टो कार की तलाशी ली, जिसमें दो व्यक्ति सवार थे। स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में गाड़ी से 4 किलो 40 ग्राम चरस बरामद हुई। पकड़े गए आरोपियों की पहचान 24 वर्षीय गोपाल (निवासी खून्न, कुल्लू) और 37 वर्षीय सुरेंद्र कुमार (निवासी डगूट, कुल्लू) के रूप में की गई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को तुरंत गिरफ्तार कर लिया है। उनके खिलाफ थाना पंचरुखी में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20 और 29 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस प्रशासन ने बताया कि नशे के खिलाफ यह अभियान सख्ती से जारी रहेगा और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों का पता लगाने के लिए पूछताछ की जा रही है। जब्त की गई दोनों कारों को पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है और मामले में आगामी कानूनी कार्रवाई की जा रही है।