कानपुर में दबंगों ने बाइक की मामूली टक्कर के बाद पिता और उनके दो बेटों पर चाकू से हमला कर दिया। इसमें पिता और एक बेटे की मौत हो गई, जबकि एक बेटे की हालत गंभीर बनी है। मौके पर मौजूद भीड़ ने एक आरोपी को पकड़ कर पीटा। फिर पुलिस के हवाले कर दिया। जबकि दो आरोपी मौके से भाग निकले। घटना यशोदा नगर बाईपास की है। वृंदावन गेस्ट हाउस के सामने हुआ विवाद घटना यशोदा नगर बाईपास स्थित वृंदावन गेस्ट हाउस के सामने की है। बाइक सवार पिता-पुत्रों की दूसरी अपाचे बाइक से मामूली टक्कर हो गई थी। इसके बाद दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झगड़े में बदल गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आरोपियों ने पहले हेलमेट और लात-घूसों से हमला किया। इसके बाद ईंट और चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिए। हमले में तीनों गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े और तड़पने लगे। पिता और बेटे की मौत, एक की हालत गंभीर मृतकों की पहचान चकेरी के रामपुर कांशीराम कॉलोनी, सजारी गांव निवासी 60 वर्षीय शिव नारायण त्रिवेदी और उनके बेटे 25 वर्षीय शिवम के रूप में हुई है। वहीं, 30 वर्षीय सत्यम गंभीर रूप से घायल हैं और उनका इलाज चल रहा है। परिजनों के मुताबिक, तीनों किदवई नगर स्थित कनक मार्बल में नौकरी करते थे। रविवार रात काम खत्म होने के बाद घर लौटते समय यह घटना हुई। भीड़ ने एक आरोपी को पकड़ा घटना के दौरान चीख-पुकार सुनकर आसपास मौजूद लोग बचाने पहुंचे, लेकिन आरोपियों ने उनके साथ भी अभद्रता की। इसके बाद आक्रोशित भीड़ ने एक आरोपी शिवा वर्मा को पकड़ लिया और उसकी पिटाई कर पुलिस के हवाले कर दिया। वहीं, आरोपी करन वर्मा और उत्सव अवस्थी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने घायलों को पहुंचाया अस्पताल सूचना मिलते ही नौबस्ता पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों घायलों को हैलट अस्पताल लेकर गई। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद शिव नारायण और शिवम को मृत घोषित कर दिया, जबकि सत्यम की हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस पकड़े गए आरोपी से पूछताछ कर रही है। फरार दोनों आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। खबर अपडेट की जा रही…