कुरुक्षेत्र में पुलिस और परिजनों के बीच बवाल:मां बोली-खाना खा रहे बेटे को मारा थप्पड़-घसीटा; DSP बोले-टीम के साथ की धक्का-मुक्की

हरियाणा के कुरुक्षेत्र जिले के पिपली में पुलिस की कार्रवाई को लेकर विवाद खड़ा हो गया। परिवार ने पुलिस पर घर में घुसकर मारपीट, जातिसूचक शब्द कहने और बेटे को जबरन उठाने के आरोप लगाए हैं। उधर, पुलिस ने टीम के साथ धक्का-मुक्की की वीडियो जारी की। दरअसल, मामला सेक्टर-2 की फैक्ट्री में हुई मारपीट और छीना-झपटी की शिकायत से जुड़ा हुआ है। आरोपी से पूछताछ करने के लिए टीम उसके घर पहुंची थी। घटना 21 मई की रात की है। परिवार ने मामले की शिकायत SP चंद्र मोहन को देकर कार्रवाई की गुहार लगाई। फिलहाल, पुलिस मामले की जांच में जुटी है। मां बोली- खाना खाते हुए बेटे को बाहर घसीटा पिपली की रहने वाली गुलाबो देवी ने बताया कि 21 मई की रात करीब 11 बजे वह अपने बेटे राहुल और रिश्तेदारों के साथ घर पर खाना खा रही थीं। इसी दौरान सेक्टर-4 चौकी इंचार्ज मलकीत सिंह कुछ पुलिसकर्मियों के साथ उनके घर पहुंचे। आरोप लगाया कि इंचार्ज ने उसके बेटे राहुल को थप्पड़ मारा और घसीटकर बाहर लेकर जाने लगा। डकैती के केस में फंसाने की मिली धमकी लाबो देवी ने पूछा तो बताया कि इस पर डकैती का केस है। विरोध करने पर पुलिस ने उनके साथ धक्का-मुक्की की और जातिसूचक शब्द भी कहे। साथ ही उनको झूठे केस में फंसाने की धमकी दी, जबकि उसके बेटे राहुल का किसी झगड़े या वारदात से कोई लेना-देना नहीं है। आसपास के लोग इकट्‌ठा हुए तो पुलिस वहां से चली गई। फैक्ट्री संचालक से हुई थी मारपीट DSP लाडवा निर्मल सिंह ने बताया कि सेक्टर-2 के निवासी धर्मपाल ने शिकायत दी थी कि उसकी लाहौरी जीरा फैक्ट्री में काम करने वाला हिमांशु उर्फ राहुल नौकरी छोड़कर चला गया था। मैनेजर ने उसे अगले दिन आकर अपना हिसाब करने के लिए बुलाया था। रात करीब 9:15 बजे राहुल अपने साथियों के साथ लाठी-डंडे लेकर फैक्ट्री पहुंचा। वहां गाली-गलौज, मारपीट की गई और धमकी देकर करीब डेढ़ लाख रुपए छीन फरार हो गया था। पुलिस का दावा- परिवार ने टीम के साथ की धक्का-मुक्की DSP ने बताया कि राहुल ने शराब के नशे में पुलिस टीम के साथ धक्का-मुक्की की और सरकारी कार्य में सहयोग नहीं किया। आरोपियों को पकड़ने गई टीम के साथ परिवार के लोगों ने बहस और धक्का-मुक्की की। वीडियो में एक महिला पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की करती दिखाई दे रही है। पुलिस कर रही मामले की जांच उधर, परिवार का कहना है कि वीडियो का पूरा हिस्सा सामने नहीं लाया गया। पुलिस पहले उनके साथ बदसलूकी कर चुकी थी। हालांकि, DSP निर्मल सिंह ने पुलिस पर लगे आरोप निराधार बताए हैं। साथ ही मामले की निष्पक्ष जांच करने की बात कही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *