कृष्णा मुरारी हत्याकांड, तीन आरोपी गिरफ्तार:मृतक के भाई, मां और सहयोगी मित्र महाराष्ट्र से पकड़े गए

कैमूर पुलिस ने डहरक गांव में हुए कृष्णा मुरारी हत्याकांड का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस मामले में मृतक के भाई, मां और एक सहयोगी मित्र को बिहार और महाराष्ट्र से पकड़ा गया है। इस हत्याकांड में पति, पत्नी और दो बच्चों की निर्मम हत्या की गई थी। रामगढ़ थानाध्यक्ष हरि प्रसाद शर्मा ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस टीम ने तकनीकी और खुफिया इनपुट के आधार पर कार्रवाई की। दो अभियुक्तों (मृतक के भाई और उसके दोस्त) को महाराष्ट्र में छापेमारी कर दबोचा गया, जबकि एक महिला आरोपी (मां) को स्थानीय स्तर पर गिरफ्तार किया गया। इस मामले में एक मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी पहले ही हो चुकी थी। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान राहुल कुमार गुप्ता उर्फ गौतम कुमार गुप्ता (22 वर्ष), दीपक देवसिंह राजपूत (27 वर्ष) और प्रेमलता कुंवर (52 वर्ष) के रूप में हुई है। राहुल कुमार गुप्ता मृतक का भाई है, दीपक देवसिंह राजपूत उसका सहयोगी मित्र है, और प्रेमलता कुंवर मृतक की मां हैं। राहुल कुमार गुप्ता और प्रेमलता कुंवर डहरक, रामगढ़, कैमूर के निवासी हैं, जबकि दीपक देवसिंह राजपूत महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजी नगर का रहने वाला है। हत्या को अंजाम देने के बाद आरोपी राज्य से बाहर भाग गए थे, जिन्हें महाराष्ट्र से गिरफ्तार किया गया। प्रेमलता कुंवर को डहरक सड़क से पकड़ा गया। थानाध्यक्ष के अनुसार, यह कार्रवाई 11 मई 2026 को दर्ज कांड संख्या 126/26 के तहत की गई है। जांच के दौरान सामने आए इन ‘अप्राथमिक अभियुक्तों’ पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1), 238 और 3(5) लगाई गई हैं। थानाध्यक्ष ने बताया, “डहरक में कृष्ण मुरारी हत्याकांड, जिसमें पति-पत्नी और दो बच्चों की निर्मम हत्या हुई थी, को पुलिस ने गंभीरता से लिया। लगातार छापेमारी के तहत दो मुख्य आरोपियों को महाराष्ट्र से और महिला आरोपी को स्थानीय स्तर से गिरफ्तार किया गया है। वारदात में शामिल एक विधि विरुद्ध बालिका को भी निरुद्ध किया गया है। आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *