गाजियाबाद में 21 साल के युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। शव लोनी में बंथला नहर से सटे ट्यूबवेल के पास मिला। उसकी कनपटी, सिर और सीने में 5 गोलियां मारी गई हैं। पुलिस को मौके से बियर की 4 केन और एक बैग मिला है। पुलिस युवक के पास मिले मोबाइल की कॉल डिटेल के आधार पर जांच कर रही है। साथ ही शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है। मामला बुधवार रात का लोनी थाना क्षेत्र का है। बंथला नहर के पास मिला शव बागपत के गांव डोला में रहने वाला नितिन राणा यूपी पुलिस में भर्ती की तैयारी कर रहा था। 27 मई को वह नौकरी की तलाश में गाजियाबाद जाने के लिए घर से निकला था। उसे गांव का ही रहने वाला विपिन अपनी बाइक से बागपत रेलवे स्टेशन तक छोड़ने गया था। रात में ही लोनी थाना पुलिस ने फोन कर घरवालों को नितिन का शव मिलने की सूचना दी। बतायाकि उसकी गाजियाबाद में गोली मारकर हत्या कर दी गई। सूचना मिलने पर घरवाले मौके पर पहुंचे और शव की पहचान की। लड़की के भाइयों ने दी थी जान से मारने की धमकी नितिन के चचेरे भाई ने बताया- 28 फरवरी को तनिष की बहन अपनी मर्जी से किसी लड़के के साथ चली गई थी। जब लड़की गांव से जा रही थी, तो उसने नितिन से लिफ्ट मांगी थी। नितिन ने लड़की को गांव के बाहर तक छोड़ दिया था। तभी से तनिष और उसके परिजन नितिन से रंजिश रख रहे थे। लड़की के भाई आशु दीप और तनिष प्रजापति लगातार नितिन को जान से मारने की धमकी दे रहे थे। यह धमकी कई बार मेरे सामने भी दी गई। मुझे पूरा विश्वास है कि आशु दीप और तनिष प्रजापति ने मिलकर गोलियों से मेरे ताऊजी के बेटे नितिन की हत्या कर दी है। पुलिस इस मामले में सख्त कार्रवाई करें। गोली चलने की आवाज नहीं आई वहीं, लोनी में स्थानीय लोगों का कहना है कि इलाके में गोली चलने की कोई आवाज सुनाई नहीं दी। जिस जगह शव मिला, वहां आसपास कोई सीसीटीवी भी नहीं लगा है। पुलिस ने मौके से मिले सामान को कब्जे में लेकर जांच के लिए भेज दिया है। एसीपी सिद्धार्थ गौतम ने बताया कि घरवालों की शिकायत पर केस दर्ज किया गया है। आरोपियों की तलाश में पुलिस की 3 टीमें लगाई गई हैं। जल्द ही घटना का खुलासा कर दिया जाएगा। —————————– ये खबर भी पढ़ें- प्रेमानंद महाराज ने 10 दिन बाद पदयात्रा शुरू की, हजारों भक्तों ने ‘राधे-राधे’ के जयकारे लगाए मथुरा में संत प्रेमानंद महाराज ने एक बार फिर पदयात्रा शुरू कर दी। 10 दिन बाद वह केली कुंज आश्रम से निकलकर NRI ग्रीन बिल्डिंग के सामने पहुंचे और फिर अपने शिष्यों के साथ पदयात्रा शुरू की। पढ़ें पूरी खबर…