जिला गुरदासपुर के कलानौर में दिनदहाड़े बदमाशों ने एक इलेक्ट्रॉनिक्स की दुकान के बाहर गोलियां चलाने की वारदात को अंजाम देने का प्रयास किया। गनीमत यह रही कि तकनीकी खराबी के कारण गोलियां नहीं चलीं, जिससे दुकान के अंदर मौजूद लोग बाल-बाल बच गए। बताया जा रहा है कि जब ये वारदात हुई तब दुकान में 15 ग्राहक, दुकानदार और दुकान पर काम करने वाले लगभग 25 लोग थे। अगर गोली चलती तो बड़ा नुक्सान हो सकता था। दुकानदार के मुताबिक उसे विदेशी नंबरों से 50 लाख रुपए रंगदारी की कॉल आ रही थी। लेकिन, उसने नजरअंदाज किया। जिसके चलते ये वारदात हुई। तीन बार फायर की कोशिश हुई नाकाम
जानकारी के मुताबिक कलानौर में कृष्णा इलेक्ट्रॉनिक शॉप पर शाम के समय एक युवक चेहरे पर कपड़ा बांध कर आया। दुकान के बाहर खड़ा होकर उसने तीन बार पिस्तौल चलाने की कोशिश की। लेकिन, गोली नहीं चली। हालांकि, दुकान के अंदर बैठे दुकानदार और ग्राहकों में ये सब देखकर दहशत फैल गई। पूरी वारदात सीसीटीवी में कैद
बता दें, वारदात को अंजाम देने की ये सारी कोशिश दुकान के बाहर लगे सीसीटीवी में कैद को गई है। सीसीटीवी में दिख रहा है कि एक व्यक्ति चेहरा ढककर दुकान के सामने आता है और पिस्तौल निकालकर फायर करने लगता है। लेकिन, पिस्तौल नहीं चलती। एक के बाद एक कर तीन बार हमलावर गोली चलाने की कोशिश करता है और हर बार विफल रहने पर आराम से वहां से निकल जाता है। इस दौरान सड़क की दूसरी ओर उसके 2 साथी बाइक पर खड़े दिख रहे हैं। दुकान में मौजूद थे 25 से ज्यादा लोग
पीड़ित दुकानदार गौरव ने बताया कि जिस वक्त हमलावर ने पिस्टल तानी, उस समय दुकान के अंदर 7-8 कर्मचारी और लगभग 15 ग्राहक मौजूद थे। हमलावर बिना किसी डर के आया और उसने तीन बार बंदूक ‘कॉक’ की, लेकिन गोली नहीं चली। घटना के बाद आरोपी अपने दो अन्य साथियों के साथ मोटरसाइकिल पर फरार हो गया, जो पास की दुकान के पास उसका इंतजार कर रहे थे। महीनों से मिल रही थी धमकी: “जलियांवाला बाग बना देंगे”
गौरव ने बताया कि उन्हें पिछले दो-तीन महीनों से लगातार धमकियां मिल रही थीं। पहला फोन उन्हें फरवरी में आया। दूसरा फोन 12 मार्च को आया था। अब पिछले दो-तीन दिनों से लगातार फोन आ रहे थे। गौरव के मुताबिक, हमलावर फोन पर उनके 75 वर्षीय पिता को भद्दी गालियां देते थे और कहते थे कि, “चाहे पुलिस बुला लो या बड़े अफसर को बिठा लो, तुम्हें और तुम्हारे बेटे को ठोकना ही है।” हमलावरों ने यहां तक धमकी दी कि अगर 50 लाख रुपये नहीं दिए तो वे दुकान का ‘जलियांवाला बाग’ बना देंगे और उनके सीने में गोलियां मारेंगे। प्रशासन से सुरक्षा की गुहार
दहशत के माहौल के बीच गौरव और स्थानीय व्यापारियों ने प्रशासन से सुरक्षा की मांग की है। गौरव ने भावुक होते हुए कहा कि अगर हम अपनी दुकानों पर सुरक्षित नहीं हैं, तो बेहतर है कि हम दुकानें बंद करके घर बैठ जाएं। कम से कम जान तो बचेगी। हम प्रशासन से मांग करते हैं कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाए और हमें सुरक्षा मुहैया कराई जाए। गौरव ने बताया कि पहले उन्होंने व्यापारिक और निजी कारणों से शोरूम की सुरक्षा को देखते हुए पुलिस को सूचित नहीं किया था, लेकिन आज की घटना के बाद थाना कलानौर में शिकायत दर्ज कराई गई है। मौके से एक जिंदा कारतूस मिला
पुलिस ने मौके से एक जिंदा कारतूस (रौंद) बरामद किया है। वारदात की पूरी घटना CCTV कैमरों में कैद हो गई है, जिसमें हमलावरों के चेहरे साफ दिखाई दे रहे हैं। थाना कलानौर के एसएचओ जतिंदरपाल सिंह ने बताया कि शिकायत मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा ले लिया गया है। इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाला जा रहा है, जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।