गुरुग्राम में क्रेन से निकाली VVIP नंबर की थार:फिल्म मेकर की गाड़ी, रात में दोस्तों के साथ लेपर्ड ट्रेल घूमने आए थे

गुरुग्राम में पिकनिक स्पॉट ‘लेपर्ड ट्रेल’ पर पलटी वीवीआईपी नंबर की थार की पहचान हो गई है। यह गाड़ी फिल्म मेकर अभि पाल की थी। सोमवार रात को वे अपने फ्रेंड्स के साथ अरावली की पहाड़ियों के बीच स्थित लेपर्ड ट्रेल इलाके में घूमने आए थे। वापसी में उनकी गाड़ी एक खतरनाक मोड पर गहरे गड्‌ढे में गिर गई थी। हादसे के बाद जब स्थानीय लोगों और राहगीरों की नजर गाड़ी पर पड़ी, तो उसके यूपी में रजिस्टर्ड वीवीआईपी नंबर ने सबका ध्यान खींचा। ब्लैक रंग की इस थार पर विशेष नंबर अंकित था, जो अक्सर रसूखदार लोगों की पसंद माना जाता है। मंगलवार को भारी मशक्कत के बाद एक बड़ी क्रेन की मदद से थार को गड्ढे से बाहर निकाला गया। दोस्तों के साथ घूमने आया हादसे के बाद थार के मालिक अभि पाल ने सोशल मीडिया पर सामने आकर पूरी घटना की पुष्टि की है और गड्‌ढे में गिरी कार को अपनी बताया। उनके मुताबिक यह हादसा उस समय हुआ, जब वह अपने दोस्तों के साथ रात के समय लेपर्ड ट्रेल पर घूमने आया था। खतरनाक मोड पर पलटी रात के अंधेरे और लेपर्ड ट्रेल के घुमावदार रास्तों के बीच एक बेहद खतरनाक मोड़ पर ड्राइवर ने नियंत्रण खो दिया। संतुलन बिगड़ते ही थार सड़क किनारे बने गहरे गड्ढे में जा गिरी। गनीमत यह रही कि हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ। बाइक राइडर युवती की हो चुकी मौत लेपर्ड ट्रेल पर पिछले साल 6 अप्रैल 2025 को एक दर्दनाक हादसे में 28 वर्षीय बाइकर सोमिता सिंह की मौत हो गई थी। सोमिता लखनऊ की रहने वाली थी और नोएडा की एक जानी-मानी कंपनी में सॉफ्टवेयर इंजीनियर थी। वह नोएडा से करीब 20 महिला बाइकर्स के एक ग्रुप के साथ लेपर्ड ट्रेल घूमने आई थी। वापस लौटते समय, एक खतरनाक हेयरपिन मोड़ पर उनकी बीएमडब्ल्यू स्पोर्ट्स बाइक की टक्कर सामने से आ रही एक हुंडई वरना कार से हो गई। रात के सफर में सावधानी की अपील गुरुग्राम में अरावली की पहाड़ियों पर स्थित लेपर्ड ट्रेल अपनी प्राकृतिक सुंदरता के साथ-साथ अपने खतरनाक रास्तों के लिए भी जाना जाता है। पुलिस ने युवाओं और पर्यटकों से अपील की है कि रात के समय इन पहाड़ी रास्तों पर गाड़ी चलाते समय अतिरिक्त सावधानी बरतें, क्योंकि कम रोशनी और तीखे मोड़ अक्सर जानलेवा साबित हो सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *