गुरुग्राम में फ्रूट कारोबारी मर्डर केस में मुख्य आरोपी अरेस्ट:ट्रक पार्किंग पर विवाद, सुए से हमला; दिल में छेद होने से मौत

गुरुग्राम शहर की खांडसा मंडी में फ्रूट कारोबारी भारत भूषण वलेचा मर्डर केस में पुलिस ने मुख्य आरोपी जयभगवान को गिरफ्तार कर लिया है। फ्रूट से भरे ट्रक की पार्किंग के विवाद में भारत भूषण के सुआ घोंप दिया गया था। जिससे उसका दिल पंचर हो गया और उसकी मौत हो गई। एसीपी (क्राइम) नवीन शर्मा ने इस पूरे मामले का खुलासा किया। एसीपी नवीन शर्मा के मुताबिक यह खौफनाक वारदात 24 मई की सुबह करीब 5 से 6 बजे के बीच खांडसा फ्रूट मार्केट में हुई थी। सुबह के वक्त मंडी में वाहनों की भारी आवाजाही होती है। इसी दौरान आरोपी जयभगवान और मृतक फल व्यापारी के बीच गाड़ी खड़ी करने (पार्किंग) को लेकर कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते यह मामूली बहस एक हिंसक झगड़े में बदल गई। आरोपी ने किया घातक हमला पुलिस जांच और चश्मदीदों के अनुसार विवाद बढ़ने पर आरोपी जयभगवान ने हिंसक रुख अपना लिया। उसने आवेश में आकर मृतक व्यापारी पर हमला कर दिया। इस गंभीर चोट के कारण व्यापारी की हालत बिगड़ गई और वह मौके पर ही गिर पड़ा। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गया। वहां मौजूद लोगों ने घायल को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। तकनीकी आधार पर पकड़ा मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस की विभिन्न टीमों का गठन किया गया। एसीपी क्राइम नवीन शर्मा के नेतृत्व में टीमों ने तकनीकी साक्ष्यों और स्थानीय खुफिया जानकारी के आधार पर आरोपी की तलाश शुरू की। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी जयभगवान को गिरफ्तार किया। कानूनी प्रक्रिया और सुरक्षा उपाय एसीपी नवीन शर्मा ने बताया कि पुलिस ने मामले से संबंधित साक्ष्य एकत्र कर लिए हैं और आरोपी को नियमानुसार कोर्ट में पेश किया जाएगा। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि क्या इस घटना के पीछे कोई और कारण या संलिप्तता थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *