चंडीगढ़ के क्लब में भीषण आग:पहली मंजिल पर 20 लोग खाना खा रहे थे, भगदड़ मची, पुलिस ने इलाका खाली करवाया

चंडीगढ़ के सेक्टर-26 स्थित डिफेले क्लब में गुरुवार को अचानक आग लग गई। घटना के समय क्लब के अंदर 15 से 20 लोग खाना खा रहे थे। जबकि स्टाफ के 6 सदस्य भी वहां मौजूद थे। आग लगने के बाद क्लब में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। सूचना मिलने के करीब 10 मिनट के भीतर फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंचनी शुरू हो गई थीं। अधिकारियों ने बताया कि आग लगने के बाद स्टाफ ने कुछ लोगों को तुरंत बाहर निकालना शुरू कर दिया था। वहीं बाकी बचे लोगों को फायर ब्रिगेड कर्मियों ने पहली मंजिल के दरवाजे के रास्ते सुरक्षित बाहर निकाला।किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। 12 फायर ब्रिगेड की गाड़ियां पहुंचीं
जानकारी के अनुसार आग क्लब की पहली मंजिल पर लगी थी। शुरुआत में मौके पर फायर ब्रिगेड की कुछ गाड़ियां पहुंचीं और आग बुझाने का काम शुरू किया गया, लेकिन आग तेजी से फैलने लगी। स्थिति को देखते हुए बाद में फायर ब्रिगेड की और गाड़ियां बुलानी पड़ीं। करीब 12 फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। आग बढ़ने के बाद प्रशासन ने एहतियात के तौर पर आसपास के इलाके को सील कर दिया, ताकि किसी तरह का जान-माल का नुकसान न हो। पुलिस ने क्लब के आसपास लोगों की आवाजाही रोक दी। पूरे इलाके को खाली करवाया गया। आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। फायर विभाग की टीमें लगातार आग पर काबू पाने में जुटी रहीं। मौके पर पहुंचे फायर ब्रिगेड के अफसर मुल्तानी ने बताया कि आज लगने के कारणों की जांच की जा रही है। अंदर सामान ज्यादातर जल चुका है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *