चंडीगढ़ के जंगल में मिली युवक की लाश:एक दिन पहले घर से शेव करवाने निकला था, आज लड़की देखने जाना था

चंडीगढ़ में सेक्टर-38 के जंगल में युवक का शव मिला। बच्चों ने उसका शव पड़ा देखा। इसके बाद पुलिस को सूचना दी। शव से बदबू आ रही थी। मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि युवक की जल्द ही शादी होने वाली थी। परिवार को आज लड़की देखने के लिए जाना था। ऐसे में वह बीते कल घर से शेव करवाने की बात कहकर निकला था, लेकिन इसके बाद वापस नहीं लौटा। घरवाले लगातार उसे फोन करते रहे, मगर कोई संपर्क नहीं हो सका। इस वजह से पूरा परिवार रातभर परेशान रहा। सभी जगह तलाश की गई। मृतक की पहचान मनीष कश्यप (25) के रूप में हुई है, जो इलेक्ट्रिशियन था। बच्चों ने पड़ा देखा युवक का शव
जहां युवक का शव मिला, वह इलाका पंजाब यूनिवर्सिटी से मौसम विभाग की ओर जाने वाली सड़क के दाईं तरफ जंगल में स्थित है। कुछ बच्चे आज सुबह वहां टॉयलेट के लिए गए थे, तभी उनकी नजर शव पर पड़ी। शव देखकर बच्चे डर गए और तुरंत आसपास के लोगों को इसकी सूचना दी। इसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर उसे सेक्टर-16 अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवा दिया। कल पोस्टमॉर्टम होगा, जिससे मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा। 7-8 हजार रुपए लेकर निकला था युवक
जानकारी के मुताबिक युवक 7 से 8 हजार रुपए लेकर घर से निकला था। लेकिन वह पैसे भी गायब मिले हैं। लोगों ने बताया कि युवक का एक बड़ा भाई हैं। बड़े भाई की शादी हो चुकी है, जबिक इसकी शादी की बात चल रही थी। भाभी को कहा था- कड़ी चावल बनाना
युवक के पिता राजेश कश्यप ने बताया कि मनीष सोलन और शिमला में इलेक्ट्रिशियन का काम करता था। मैंने ही उसे बुलाया था कि संडे को लड़की देखने जाना है। वह ऑफिस में मेरे पास आया था। मैंने कहा था दाड़ी और बाल छोटे करवा लेना। वह डेढ़ बजे घर आ गया। मार्केट गया और दही लससी लेकर आया। भाभी को कहता की कड़ी चावल बना लेना। मैं अभी बाल कटवाकर आ रहा हूं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *