पंजाब के गवर्नर एवं चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाबचंद कटारिया 25 मई, सोमवार को मलोया में जनता दरबार लगाएंगे। वह इस जनता दरबार में मौके पर लोगों की समस्याएं सुनकर उनका समाधान करेंगे। यह शिविर शाम 4:00 बजे कम्युनिटी सेंटर, ईडब्ल्यूएस कॉलोनी, मलोया में लगाया जाएगा। यह शिविर मलोया के निवासियों की समस्याओं और शिकायतों का मौके पर निपटारा करने के लिए लगाया जा रहा है। शिविर के दौरान लोग अपनी शिकायतें प्रशासक के समक्ष रख सकेंगे, ताकि संबंधित विभागों को तुरंत कार्रवाई के लिए निर्देश दिए जा सकें। हफ्ते में 3 दिन डीसी व एसएसपी सुनते हैं समस्याएं चंडीगढ़ में हफ्ते में 3 दिन डीसी निशांत यादव और एसएसपी कंवरदीप कौर लोगों की समस्याएं सुनते हैं। ये आदेश चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाबचंद कटारिया ने दिए हैं। अब लोगों को अपनी समस्या के लिए इधर-उधर भटकने की जरूरत नहीं होगी। वे सीधे अफसरों से मिलकर अपनी बात कह सकेंगे। लोगों से सीधा संवाद बढ़ाने और शिकायतों का जल्दी समाधान करने के लिए चंडीगढ़ प्रशासन ने यह नई व्यवस्था शुरू की है। अब शहर के लोग हर सोमवार, बुधवार और शुक्रवार को सुबह 11 बजे से दोपहर 12 बजे तक अफसरों से मिल सकेंगे।