चंडीगढ़ में जनगणना 2027 की प्रक्रिया आज (16 अप्रैल) से शुरू हो रही है। इस दौरान आप केवल ऑनलाइन ही अपनी जनगणना में शामिल हो पाएंगे। इसे स्व-गणना कहा जाता है। इसके लिए पोर्टल सुबह दस बजे से खुल जाएगा। इसमें कुल 33 सवालों के जवाब आपको ऑनलाइन भरने होंगे। पोर्टल पर हर तरह की जानकारी उपलब्ध रहेगी। यह प्रक्रिया 30 अप्रैल तक चलेगी। ऑनलाइन प्रक्रिया के बाद 1 मई से कर्मचारी लोगों के घरों में जाएंगे और डेटा का मिलान करेंगे। अगर किसी उत्तर में कोई त्रुटि है तो उसे दुरुस्त किया जाएगा। देश में जनगणना की शुरुआत वर्ष 1872 में हुई थी और यह ‘जनगणना अधिनियम 1948’ व ‘जनगणना नियम 1990’ के तहत करवाई जाती है। पिछली जनगणना 2011 में हुई थी, जबकि 2021 की जनगणना कोविड-19 के कारण टाल दी गई थी। जिस भाषा को जानते हैं, उसमें भरें जानकारी इस बार जनगणना पूरी तरह डिजिटल होगी। डाटा इकट्ठा करने के लिए मोबाइल ऐप का इस्तेमाल किया जाएगा। इसके साथ ही लोगों को खुद अपनी जानकारी भरने का विकल्प भी दिया गया है। लोग जिस भाषा में बोल सकते हैं, उसी में जानकारी दे पाएंगे। इस पोर्टल पर 16 भाषाओं में जानकारी भरने की सुविधा होगी। कुल 33 सवाल पूछे जाएंगे। जानकारी भरने के बाद एक यूनिक आईडी जारी होगी, जिसकी बाद में कर्मचारी घर-घर जाकर पुष्टि करेंगे। 2045 हाउस लिस्टिंग ब्लॉक बनाए चंडीगढ़ प्रशासन ने जनगणना के लिए विशेष तैयारियां की हैं। 2045 हाउस लिस्टिंग ब्लॉक बनाए गए हैं। पहले चरण के लिए 2250 गणनाकार और 375 सुपरवाइजर नियुक्त किए गए हैं, जिनमें अधिकतर स्कूल शिक्षक शामिल हैं, जो कि लोगों के घरों में पहुंचेंगे। मुश्किल आए तो यहां करें कॉल लोगों की सुविधा के लिए हेल्पलाइन नंबर 1855 भी जारी किया गया है, जिसके माध्यम से जनगणना से जुड़ी किसी भी प्रकार की जानकारी ली जा सकती है। अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि लोगों द्वारा दी गई सभी जानकारी पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे जनगणना प्रक्रिया में सहयोग करें, ताकि सही और सटीक आंकड़े जुटाए जा सकें।