चंडीगढ़ में ‘जनगणना 2027’ की तैयारी शुरू:पहली बार प्रक्रिया होगी डिजिटल, 1 मई से पहला चरण; दो स्तरों में पूरी होगी प्रक्रिया

चंडीगढ़ में ‘जनगणना 2027’ को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं।मंगलवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में जनगणना संचालन निदेशक डॉ. नवजोत खोसा (IAS) और डीसी निशांत कुमार यादव ने इसकी पूरी जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि इस बार जनगणना पूरी तरह डिजिटल तरीके से होगी, जो देश में पहली बार किया जा रहा है। डॉ. नवजोत खोसा ने बताया कि देश में जनगणना की शुरुआत वर्ष 1872 में हुई थी और यह ‘जनगणना अधिनियम 1948’ व ‘जनगणना नियम 1990’ के तहत करवाई जाती है। उन्होंने कहा कि पिछली जनगणना 2011 में हुई थी, जबकि 2021 की जनगणना कोविड-19 के कारण टाल दी थी। दो चरणों में पूरी होगी प्रक्रिया जनगणना को दो चरणों में पूरा किया जाएगा। पहला चरण हाउस लिस्टिंग और हाउसिंग जनगणना का होगा, जो 1 मई से 30 मई 2026 तक चलेगा। इस दौरान इमारतों, घरों और परिवारों का पूरा रिकॉर्ड तैयार किया जाएगा। साथ ही लोगों की रहने की स्थिति, पीने के पानी, शौचालय जैसी सुविधाओं और मकानों से जुड़ी जानकारी एकत्र की जाएगी। दूसरे चरण में जनसंख्या की गिनती की जाएगी, जिसे फरवरी 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। पहली बार डिजिटल जनगणना और सेल्फ एन्यूमरेशन इस बार जनगणना पूरी तरह डिजिटल होगी। डाटा इकट्ठा करने के लिए मोबाइल ऐप का इस्तेमाल किया जाएगा। इसके साथ ही लोगों को खुद अपनी जानकारी भरने का विकल्प भी दिया गया है। इसके लिए वेब पोर्टल के जरिए ‘सेल्फ एन्यूमरेशन’ की सुविधा उपलब्ध होगी, जो 16 अप्रैल से 30 अप्रैल 2026 तक खुला रहेगा। इस पोर्टल पर 16 भाषाओं में जानकारी भरने की सुविधा होगी और कुल 33 सवाल पूछे जाएंगे। जानकारी भरने के बाद एक यूनिक आईडी जारी होगी, जिसकी बाद में कर्मचारी घर-घर जाकर पुष्टि करेंगे। 2045 हाउस लिस्टिंग ब्लॉक बनाए चंडीगढ़ प्रशासन ने जनगणना के लिए विशेष तैयारियां की हैं। शहर में 2045 हाउस लिस्टिंग ब्लॉक बनाए गए हैं। पहले चरण के लिए 2250 गणनाकार और 375 सुपरवाइजर नियुक्त किए गए हैं, जिनमें अधिकतर स्कूल शिक्षक शामिल हैं। हेल्पलाइन नंबर किया जारी लोगों की सुविधा के लिए हेल्पलाइन नंबर 1855 भी जारी किया गया है, जिसके माध्यम से जनगणना से जुड़ी किसी भी प्रकार की जानकारी ली जा सकती है। अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि लोगों द्वारा दी गई सभी जानकारी पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे जनगणना प्रक्रिया में सहयोग करें, ताकि सही और सटीक आंकड़े जुटाए जा सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *