चंडीगढ़ में जल्द शुरू होगा आयुष अस्पताल:79 कमर्शियल बूथ-14 रिहायशी यूनिट्स की होगी ऑक्शन; बजट लैप्स रोकने पर प्रशासन का फोकस

चंडीगढ़ प्रशासन के चीफ सेक्रेटरी एच. राजेश प्रसाद ने सभी विभागों के सचिवों के साथ रिव्यू मीटिंग की। बैठक में शहर के विकास प्रोजेक्ट्स, खाली पड़े सरकारी मकान, भर्ती प्रक्रिया और बजट लैप्स होने से बचाने को लेकर चर्चा हुई। मीटिंग में तय हुआ कि सेक्टर-34 में आयुष अस्पताल को जल्द शुरू किया जाएगा। वहीं चंडीगढ़ हाउसिंग बोर्ड एक हफ्ते के भीतर 79 कमर्शियल बूथ की लीजहोल्ड आधार पर नीलामी करेगा। इसके अलावा 14 रिहायशी यूनिट्स की फ्रीहोल्ड आधार पर भी नीलामी की जाएगी। बैठक में होम सेक्रेटरी मंदीप सिंह बराड़, फाइनेंस सेक्रेटरी दिप्रवा लाकड़ा, इंजीनियरिंग सेक्रेटरी प्रेरणा पुरी, डिप्टी कमिश्नर निशांत यादव, CHB के CEO डी. कार्तिकेयन समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। अब मीटिंग में हुए फैसलों को 6 प्वाइंट में जानिए – 1. खाली पद भरेंगे, डीपीसी कर प्रमोशन होगी चीफ सेक्रेटरी ने सभी विभागों को कहा कि प्रमोशन वाले पद जल्द भरे जाएं। इसके लिए विभागीय प्रमोशन कमेटी (DPC) की बैठकें जल्दी कराने के निर्देश दिए गए। साथ ही खाली पदों पर भर्ती प्रक्रिया भी तेज करने को कहा गया। 2. फंड लैप्स होने से रोका जाए बैठक में इंजीनियरिंग विभाग को अलग से निर्देश दिए गए कि विभिन्न प्रोजेक्ट्स की टेंडर प्रक्रिया तय समय में पूरी की जाए। चीफ सेक्रेटरी ने कहा कि विभागों को मिला बजट समय पर और सही तरीके से खर्च होना चाहिए ताकि वित्त वर्ष के आखिर में फंड लैप्स न हो। 3. खाली पड़े सरकारी मकान रेनोवेट होंगे मीटिंग में यह भी सामने आया कि शहर में कई सरकारी मकान लंबे समय से खाली पड़े हैं और उनकी हालत खराब हो चुकी है। इस पर चीफ सेक्रेटरी ने इंजीनियरिंग विभाग को ऐसे मकानों की पूरी सूची तैयार करने और उनके बेहतर इस्तेमाल की योजना बनाने को कहा। 4. आयुष अस्पताल जल्द होगा शुरू चीफ सेक्रेटरी ने आयुष विभाग को सेक्टर-34 स्थित आयुष अस्पताल को जल्द चालू करने के निर्देश भी दिए। प्रशासन चाहता है कि लोगों को जल्द से जल्द वहां स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें। 5. बोर्ड और सोसायटी के खातों की नियमित मॉनिटरिंग होगी बैठक में यह भी तय हुआ कि प्रशासन के अधीन आने वाले बोर्ड, कॉरपोरेशन और सोसायटी के खातों की नियमित निगरानी की जाएगी। साथ ही बोर्ड ऑफ गवर्नर्स की बैठकें तय नियमों के मुताबिक कराने और सालाना रिपोर्ट समय पर जमा करने के निर्देश दिए गए। 6. हफ्ते में 79 कमर्शियल बूथ की नीलामी चंडीगढ़ हाउसिंग बोर्ड (CHB) के सचिव ने जानकारी दी कि एक हफ्ते के भीतर 79 कमर्शियल बूथ की लीजहोल्ड आधार पर नीलामी की जाएगी। इसके अलावा 14 रिहायशी यूनिट्स की फ्रीहोल्ड आधार पर भी नीलामी होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *